LIC में हिस्सेदारी बेच रही सरकार, आज से 6.5% OFS खुला, 382 रुपये में पार्टनर बनने का मौका

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC) में 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत मंगलवार से ऑफर फॉर सेल (OFS) खुल गया है। सरकार ने इस इश्यू का फ्लोर प्राइस 382 रुपये प्रति शेयर तय किया है, जो सोमवार को बीएसई पर LIC के 424.35 रुपये के बंद भाव से लगभग 10 प्रतिशत कम है।
OFS का पहला चरण मंगलवार को गैर-खुदरा (Non-Retail) निवेशकों के लिए खुला है, जबकि खुदरा (Retail) निवेशक बुधवार को इसमें आवेदन कर सकेंगे।
सरकार 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के तहत करीब 82.22 करोड़ शेयर बेच रही है। यदि यह ऑफर पूरी तरह सब्सक्राइब हो जाता है, तो सरकार को विनिवेश के जरिए लगभग 31,000 करोड़ रुपये की प्राप्ति हो सकती है।
सरकार का उद्देश्य विनिवेश के माध्यम से राजस्व जुटाना और सार्वजनिक उपक्रमों में हिस्सेदारी का संतुलित प्रबंधन करना है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फ्लोर प्राइस बाजार भाव से कम होने के कारण इस OFS में निवेशकों की अच्छी रुचि देखने को मिल सकती है।





