भारत

नवविवाहित अफसर दंपति को सरकार ने दिया शादी का तोहफा, बदला कैडर

Admin2
24 July 2021 5:39 AM GMT
नवविवाहित अफसर दंपति को सरकार ने दिया शादी का तोहफा, बदला कैडर
x

फाइल फोटो 

भारतीय प्रशासनिक सेवा

हरियाणा के आइएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) कैडर में एक और महिला अधिकारी शामिल हो गई हैं। 2015 बैच की गुजरात कैडर की आइएएस नेहा का विवाह हरियाणा कैडर के 2015 बैच के ही आइएएस राहुल हुड्डा के साथ हुआ है। इस कारण नेहा को गुजरात से हरियाणा में इंटर कैडर ट्रांसफर किया गया है। हरियाणा में ऐसे कई आइएएस और आइपीएस हैं, जिन्हें उनके विवाह के फलस्वरूप हरियाणा कैडर अलाट किया गया है। पिछले सप्ताह 16 जुलाई को केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा आइएएस कैडर नियम 1954 के अंतर्गत नोटिफिकेशन जारी की गई थी, जिसमें उल्लेख है कि नेहा के हरियाणा आने पर गुजरात और हरियाणा सरकारों की सहमति है। दिसंबर 2015 में राहुल हुड्डा को आइएएस का हिमाचल कैडर अलाट हुआ था, लेकिन उनका हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया गया था, क्योंकि उन्होंने तब हरियाणा कैडर की 2011 बैच की एक महिला आइपीएस से विवाह किया था।

राहुल का गृह राज्य दिल्ली है। कुछ वर्ष बाद राहुल का महिला आइपीएस से तलाक़ हो गया, जिसके बाद राहुल ने 2015 बैच की गुजरात कैडर की नेहा से विवाह कर लिया। इसके फलस्वरूप अब नेहा का हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया गया है। नेहा का गृह राज्य बिहार है। राहुल वर्तमान में चार माह के लिए विदेश गए हैं और अवकाश पर हैं।

हरियाणा कैडर में 2015 बैच में चार अन्य आइएएस मोहम्मद इमरान रज़ा, प्रशांत पंवार, प्रीति और उत्तम सिंह भी शामिल हैं। केंद्र सरकार के नियमों में यह भी प्रविधान है कि अगर दोनों पति-पत्नी चाहें तो केंद्र सरकार उन्हें कोई तीसरा राज्य कैडर आवंटित कर सकती है।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता हेमंत के अनुसार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015-16 में पूरे देश में प्रथम रैंक हासिल करने वाली आइएएस टापर टीना डाबी, जिनका गृह राज्य मध्य प्रदेश है, और इस परीक्षा में दूसरा रैंक हासिल करने वाले अथर आमिर उल शफी खान, जिनका गृह राज्य जम्मू-कश्मीर है, इन दोनों ने विवाह कर लिया था। इस कारण 2016 बैच के इस आइएएस दंपति को समान राजस्थान प्रदेश कैडर आवंटित कर दिया गया था। हालांकि विवाह के कुछ ही वर्ष पश्चात दोनों द्वारा आपसी रजामंदी से तलाक लेने की याचिका गत वर्ष कोर्ट में दाखिल की गई, जो फिलहाल लंबित है। इसी बीच इस वर्ष फरवरी में खान को तीन वर्षों की इंटर कैडर डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) पर उनके गृह राज्य जम्मू कश्मीर भेज दिया गया है।

हरियाणा में ऐसे दो अन्य मामलों में इसी वर्ष नौ मार्च को सिक्किम कैडर के 2019 बैच के आइएएस आनंद कुमार शर्मा द्वारा हरियाणा कैडर की 2018 बैच की आइपीएस पूजा वशिष्ठ से विवाह के फलस्वरूप आनंद का कैडर सिक्किम से बदलकर उनकी पत्नी का अर्थात हरियाणा कैडर कर दिया गया।

आनंद का गृह राज्य आधिकारिक तौर पर दिल्ली है। इसी माह आनंद को सफीदो(जींद) में बतौर एसडीएम तैनात किया गया है। मार्च 2015 में असम-मेघालय कैडर के 2012 बैच के आइएएस अजय सिंह तोमर को हरियाणा में ट्रांसफर कर किया गया, चूंकि उन्होंने 2013 बैच की हरियाणा कैडर की आइएएस संगीता तेतरवाल से विवाह किया था। अजय का गृह राज्य दिल्ली जबकि संगीता का राजस्थान है।

Next Story