भारत

रेलवे क्रॉसिंग में बस से टकराई मालगाड़ी, 25 कॉलेज स्टूडेंट्स घायल

Nilmani Pal
15 March 2026 8:01 AM IST
रेलवे क्रॉसिंग में बस से टकराई मालगाड़ी, 25 कॉलेज स्टूडेंट्स घायल
x
पढ़े पूरी खबर

तमिलनाडु। करूर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज की बस और मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में बस में सवार 25 छात्र घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

शनिवार शाम को ये कॉलेज की बस वीरराक्कियाम और पलायम के बीच एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रही थी. इसी दौरान ये हादसा हो गया. हादसे के तुरंत बाद सभी घायल छात्रों को जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया.

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेता सेंथिल बालाजी ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों का हाल जाना. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब बस रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी एक मालगाड़ी ने पीछे से उसे टक्कर मार दी. सेंथिल बालाजी ने कहा, 'लगभग 25 छात्र घायल हुए थे और उन्हें जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया. इनमें से दो छात्रों को बाद में एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जबकि 23 का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है.'

उन्होंने आगे बताया कि इन 23 छात्रों में से तीन की हालत अब बेहतर है और फर्स्ट ऐड देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है. हालांकि, अन्य बाकी अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. एक छात्र के सिर में चोट आई है. इस हादसे पर दक्षिण रेलवे ने भी अपनी सफाई दी है. रेलवे ने बताया कि ये हादसा उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं हुआ है. दक्षिण रेलवे के मुताबिक, ये हादसा एक निजी रेलवे लाइन पर हुआ है. इस रेलवे क्रॉसिंग का स्वामित्व और संचालन 'चेट्टिनाड सीमेंट्स' करता है.

Next Story
null