भारत

दिल्ली से खुशखबरी, बिलासपुर को चार सडक़ों का तोहफा

Shantanu Roy
22 Jan 2026 5:42 PM IST
दिल्ली से खुशखबरी, बिलासपुर को चार सडक़ों का तोहफा
x
बिलासपुर। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के चौथे चरण के तहत सडक़ परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। यह मंजूरी 4 नवंबर 2025 को आयोजित सशक्त समिति की बैठक की सिफारिशों एवं राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत अनुपालन रिपोर्ट के आधार पर दी गई है। मंजूर परियोजनाओं के अंतर्गत राज्य में कुल 294 सडक़ कार्यों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 1538.058 किलोमीटर होगी। बिलासपुर की बात करें तो जिला को 4 नई सडक़ों की सौगात मिली है जिनकी कुल लंबाई 18.210 किलोमीटर है। सडक़ों के निर्माण कार्य के लिए 2937.18 लाख रुपए का बजट मंजूर हुआ है। सदर बिलासपुर और श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्रों में यह सडक़ें बनेंगी।
बिलासपुर डिवीजन एक के तहत भराथू से जंगल झलेड़ा, लिंक रोड सोलग जुरासी, बारनू जबकि डिवीजन दो के तहत श्रीनयनादेवी हलके में लिंक रोड भटेड़ से कनफारा का निर्माण किया जाएगा। यह सडक़ें पिछले काफी समय केंद्र सरकार के पास विचाराधीन थी और सरकार निरंतर केंद्र से इस बाबत पत्राचार कर रही थी। खास बात यह है कि ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इन परियोजनाओं को कुछ शर्तों के साथ स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत कार्य शुरू करने से पूर्व गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला की स्थापना एवं उसका जियो-टैग्ड, समय-मुद्रित फोटो ओएमएमएएस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। सीमेंट कंक्रीट सडक़ों के भुगतान को 28 दिन बाद प्राप्त लक्ष्य मजबूती की पुष्टि के पश्चात ही किया जाएगा।
Next Story