भारत

अग्निवीरों के लिए अच्छी खबर, 4 साल होने के बाद परमानेंट करने की तैयारी

Nilmani Pal
6 July 2026 7:49 AM IST
अग्निवीरों के लिए अच्छी खबर, 4 साल होने के बाद परमानेंट करने की तैयारी
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। अग्निवीरों को जल्द ही खुशखबरी मिल सकती है। खबर है कि तीनों सैन्य सेवाओं ने 4 साल बाद तय 25 प्रतिशत से ज्यादा सैनिकों को सेवा में बढ़ाए रखने का प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव में सबसे बड़ी संख्या की मांग नौसेना की तरफ से की गई है। वहीं, थल सेना और वायुसेना ने संख्या को 25 फीसदी से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की मांग की है। हालांकि, इसपर अंतिम मुहर अब तक नहीं लगी है। अग्निपथ योजना की शुरुआत में तय किया गया था कि 4 साल की सेवा के बाद मेरिट के आधार पर जवानों की सेवा जारी रखी जाएगी। ऐसे अग्निवीरों की संख्या 25 प्रतिशत तय की गई थी। शुरुआत में सभी अग्निवीरों को सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा और सशस्त्र बलों में सेवाएं देने की इच्छा रखने वाले अग्निवीरों को दोबारा शामिल किया जाता है। हालांकि, ये चुनाव मेरिट के आधार पर होता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नेवी ने सबसे ज्यादा अग्निवीरों को बनाए रखने की अनुमति मांगी है। नौसेना का कहना है कि ऐसी संख्या को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 फीसदी किया जाए। जबकि, थल और वायु सेना इसे 50 प्रतिशत करना चाहते हैं। फिलहाल, उनकी इस मांग पर अब तक कोई जवाब नहीं मिल सका है। अब संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इसे लेकर DMA यानी डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स में चर्चा हो सकती है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि 25 फीसदी कोटा नहीं बढ़ाए जाने के बाद भी कुछ खास यूनिट्स में सेवा में बरकरार रखे गए अग्निवीरों में से ज्यादा सैनिक शामिल किए जा सकते हैं। हालांकि, ये कदम तय 25 फीसदी कोटा के तहत ही किए जाएंगे।

रिपोर्ट के अनुसार, मामले के जानकार बताते हैं कि बीते साल ट्रेनिंग में सेना में करीब 70 हजार अग्निवीर शामिल हुए। अगले साल करीब वैकेंसी को बढ़ाकर 90 हजार किया जा सकता है, ताकि सेना में अग्निवीरों की संख्या को बढ़ा जा सके। खबरें हैं कि इसके तहत सेना बल में 1.8 लाख सैनिकों की कमी को पूरा करने की तैयारी कर रही है।

Next Story