भारत

गोवा चुनाव 2022: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किया सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने का किया वादा

Khushboo Dhruw
7 Feb 2022 7:00 PM GMT
गोवा चुनाव 2022: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किया सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने का किया वादा
x
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी गोवा में सत्ता में आती है, तो सरकारी कोष से 500 करोड़ रुपये रोजगार सृजन के लिए आवंटित किए जाएंगे।

पणजी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी गोवा में सत्ता में आती है, तो सरकारी कोष से 500 करोड़ रुपये रोजगार सृजन के लिए आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का भी वादा किया। आइएएनएस के अनुसार कांग्रेस महासचिव ने चुनावी रैली में भाजपा पर धर्म को फिर से परिभाषित करने और महिलाओं के पहनावे को तय करने का आरोप लगाया।

गोवा के नुवेम विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि सरकारी नौकरियों में घोटालों से छुटकारा पाने के लिए एक कर्मचारी चयन आयोग का गठन किया जाएगा। गोवा चुनाव के लिए रविवार को जारी कांग्रेस के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए प्रियंका ने राज्य सरकार की नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 फीसदी आरक्षण का वादा किया।
कमजोर वर्ग के परिवारों को दिए जाएंगे 6,000 रुपये प्रति माह
उन्होंने कहा कि न्याय योजना के तहत कमजोर वर्ग के परिवारों को 6,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। कांग्रेस ने मडगांव और पणजी में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाने और महिलाओं की निगरानी में पुलिस थानों की संख्या बढ़ाने का आश्र्वासन दिया। पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को 80 रुपये प्रति लीटर से अधिक नहीं बढ़ने दिया जाएगा और उनकी सरकार शेष राशि की सब्सिडी देगी।
प्रियंका ने कहा, हमें अपने अधिकारों के लिए लड़ना होगा
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने दोहराया कि कांग्रेस यूपी में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देगी। प्रियंका ने कहा कि यह कोई अहसान के रूप में नहीं किया जा रहा है। यह हमारा अधिकार है। हमें अपने अधिकार के लिए लड़ना होगा।
बता दें कि गोवा में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव हैं। मतों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी। गोवा में प्रमुख रूप से भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच चुनावी लड़ाई चल रही है।
Next Story