
आगरा। जलेसर मार्ग (ट्रांसयमुना) स्थित एसएन स्टे हाउस में शुक्रवार की रात गैंगवार में अंधाधुंध फायरिंग हुई। रंगबाज राज चौहान की दूसरे गुट वालों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। कमरे में दारू पार्टी के दौरान विवाद हुआ। जान बचाने के लिए रंगबाज गैलरी में भागा था। पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में पता चला कि रंगबाज का गैंगस्टर यादव के गैंग के युवकों से मनमुटाव चल रहा था। हालांकि अभी हत्या करने वालों के नाम पुलिस ने उजागर नहीं किए है।घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है। पुलिस को एसएन स्टे हाउस में फायरिंग की सूचना मिली। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को गैलरी में एक युवक का शव पड़ा मिला। गैलरी में ही कई खाली खोखे पड़े थे। शव की पहचान गांव बेदई, सादाबाद (हाथरस) निवासी राज चौहान के रूप में हुई। राज चौहान नाम आते ही पुलिस के जेहन में दो दिसंबर को जिला जेल से हाईवे पर निकाले गए जूलूस का प्रकरण जाता हो गया।
राज चौहान जानलेवा हमले के मुकदमे में जमानत पर रिहा हुआ था। उसके भाई हर्ष चौहान ने सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल करके भीड़ जुटाई थी। सैकड़ों की संख्या में युवक बाइक और कारों से जुलूस के रूप में निकले थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। न्यू आगरा थाने में राज चौहान सहित 15 युवकों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया था। राज चौहान और उसका भाई हर्ष चौहान भाग गए थे। करीब छह युवक पकड़े गए थे। हत्याकांड की प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि एसएन होम स्टे के कमरे में दारू पार्टी चल रही थी। उसमें कौन-कौन शामिल था पुलिस यह पता लगा रही है। उसी में विवाद के बाद फायरिंग शुरू हुई थी। राज चौहान अपनी जान बचाने के लिए गैलरी की तरफ भागा था। हमलावरों ने उधर ही उसे मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकाल रही है। हत्या की सूचना पर राज चौहान के कुछ परिचित आ गए थे। पुलिस उनसे यह पता लगा रही है कि किससे रंजिश चल रही थी। पुलिस यही मानकर चल रही है कि हत्या गैंगवार के चलते हुई है। जेल से रिहा होने के बाद राज चौहान की रंगबाजी बढ़ गई थी। वो किसी भी मामले में अपनी टांग अड़ा देता था। देर रात छानबीन के दौरान पुलिस को जानकारी हुई कि राज चौहान ट्रांसयमुना इलाके में किराए पर रहता था। छानबीन में पुलिस को पता चला कि उसकी हत्या में कम से कम छह युवक शामिल हैं। वारदात के बाद लोगों ने उन्हें हाथ में हथियार लेकर भागते देखा था। वे लोग कौन हैं पुलिस यह पता लगा रही है।





