भारत

एयरपोर्ट के पास गैंगरेप, वनकर्मी और उसके दोस्तों पर आरोप

Nil dhankar
23 July 2026 7:03 AM IST
एयरपोर्ट के पास गैंगरेप, वनकर्मी और उसके दोस्तों पर आरोप
x
पढ़े पूरी खबर

चित्रकूट। जंगल में दोस्त के सामने युवती से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बुधवार को युवती अपने किशोर दोस्त के साथ जंगल घूमने गई थी। तभी तीन युवकों ने उसे दबोच लिया। खुद को वन विभाग के कर्मचारी बताकर तीनो युवकों ने युवती व उसके दोस्त से जंगल में आने की वजह पूछी। इसके बाद युवती के दोस्त को दो युवकों ने पकड़ लिया। फिर बारी-बारी से दो युवकों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस चार टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश कर रही है। ये घटना बहिल पुरवा थाना क्षेत्र के देवांगना घाटी में एयरपोर्ट के पास का है। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता ने तहरीर देते हुए बताया कि बुधवार की शाम करीब चार बजे 17 वर्षीय दोस्त के साथ बाइक से देवांगना घाटी की तरफ घूमने गए थे। घाटी के मोड़ पर बाइक खड़ी करने के बाद हम लोग पहाड़ पर एयरपोर्ट के पीछे की तरफ चले गए। चट्टान में बैठकर हम दोनों बात कर रहे थे। तभी तीन अज्ञात युवक आ धमके। इन युवकों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर पूछताछ शुरु कर दी। कुछ ही देर में दो युवकों ने दोस्त को पकड़ लिया। इसके बाद दो युवकों ने मेरे साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। फिर जान से मारने की धमकी देकर तीनों युवक भाग निकले।

घटना के बाद किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर युवती और उसके किशोर दोस्त ने तुरंत डायल 112 (पीआरवी) पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर बहिलपुरवा थाने में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। एएसपी पीयूषकांत राय के नेतृत्व में सीओ सिटी सत्येंद्र सिंह, कोतवाली कर्वी, बहिलपुरवा थाना पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।

एसपी के अनुसार, पीड़िता और उसके दोस्त द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए स्केच कलाकारों की मदद से तीनों संदिग्धों के स्केच भी तैयार कराए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Next Story