भारत
फर्नीचर निर्माता ने पारिवारिक विवाद में खुद को लगाई आग, झुलसने के बाद मौत
Shantanu Roy
3 Nov 2025 9:25 PM IST

x
जांच में जुटी पुलिस
Ujjain. उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां फर्नीचर बनाने वाले एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। करीब 80 प्रतिशत झुलसने के कारण सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मरने से पहले उसने पुलिस को बयान देकर पत्नी और बहनोई पर गंभीर आरोप लगाए थे। यह घटना माधवनगर थाना क्षेत्र के शिवाजी पार्क इलाके की है। मृतक की पहचान राजेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो फर्नीचर निर्माण का काम करता था। बताया गया कि रविवार दोपहर वह घर के बाहर पहुंचा और कुछ देर तक हंगामा करने के बाद अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह आग में जलते हुए दिखाई दे रहा है। गंभीर रूप से झुलसे राजेंद्र को पहले चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया था। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मरने से पहले दिया बयान – ‘पत्नी और बहनोई ने मुझे बर्बाद कर दिया’
इलाज के दौरान पुलिस ने जब राजेंद्र से बयान लिया, तो उसने कहा कि उसकी पत्नी ज्योति शर्मा और बेटी माही को शिप्रा विहार निवासी बहनोई संतोष कुमार अपने साथ ले गया है। इसी कारण उसने यह कदम उठाया। राजेंद्र ने कहा कि परिवार को उससे अलग कर दिया गया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया था।
पत्नी ज्योति का पलटवार – ‘वह हमें भी जला देना चाहता था’
राजेंद्र की पत्नी ज्योति शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने शराब और सट्टे की लत के कारण घर का माहौल खराब कर रखा था। वह अक्सर उससे और बेटियों से पैसे मांगता था। पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज और मारपीट करता था। ज्योति ने बताया, “वह हमें भी जला कर मारना चाहता था। जब उसने खुद को आग लगाई, तब वह लपटों में घिरा हुआ मेरी ओर दौड़ा।”
बेटी माही का बयान – ‘पापा ने खुद को जलाया, किसी ने नहीं जलाया’
राजेंद्र की बेटी माही शर्मा ने पुलिस को बताया कि 22 अक्टूबर को पिता ने उन्हें घर से निकाल दिया था। तब से वह अपनी मां और दो छोटी बहनों के साथ शिप्रा विहार स्थित फूफा संतोष शर्मा के घर रह रही थी। माही ने कहा, “रविवार को पापा हमें लेने आए थे। जब मम्मी और मैं उन्हें रोकने बाहर निकले, तो उन्होंने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। मेरे पति और फूफा पर जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह गलत हैं।”
पुलिस जांच और पारिवारिक कलह की पृष्ठभूमि
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि राजेंद्र और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वह शराब के नशे में मारपीट करता था, जिससे परिवार उससे दूर रहने लगा था। बेटी माही की शादी हो चुकी है और वह अपने पति मोंटी के साथ रहती है। राजेंद्र के भाई अजय शर्मा ने बताया कि राजेंद्र पहले नागझिरी के सनराइज सिटी में रहता था। पत्नी से विवाद के चलते दोनों अलग-अलग रह रहे थे। अजय का आरोप है कि राजेंद्र ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे पत्नी, दामाद और रिश्तेदारों ने जला दिया। माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो, मौके से मिले पेट्रोल के डिब्बे और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच जारी है। मृतक के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





