
x
नई दिल्ली: हरियाणा के कुख्यात अपराधी मेनपाल ढिल्ला उर्फ मेनपाल बादली को कंबोडिया से गिरफ्तार करके भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को यह जानकारी दी। साथ ही, एजेंसी ने बताया कि यह प्रत्यर्पण हरियाणा पुलिस, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से किया गया।
अपराधी मेनपाल ढिल्ला सात साल से फरार था। ढिल्ला को झज्जर के सदर बहादुरगढ़ पुलिस स्टेशन में 2007 में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर 2013 में हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में दोषी ठहराया गया था। उसे पहले भी दो अन्य मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। सीबीआई ने बताया कि हिसार सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काटते हुए उसे 17 जुलाई 2018 को 6 हफ्ते की पैरोल दी गई थी। उसे 29 अगस्त 2018 तक जेल वापस लौटना था, लेकिन वह फरार हो गया।
हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 6 नवंबर 2024 को इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया। सीबीआई ने एनसीबी बैंकॉक से संपर्क कर ढिल्ला के ठिकाने का पता लगाया, जिससे पता चला कि वह थाईलैंड से कंबोडिया चला गया था। सीबीआई ने कंबोडियाई अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया और सूचित किया कि ढिल्ला ने सोनू कुमार के फर्जी नाम से अवैध रूप से प्राप्त पासपोर्ट पर कंबोडिया की यात्रा की थी।
सीबीआई के अनुसार, 26 मार्च को इंटरपोल चैनलों के माध्यम से कंबोडियाई अधिकारियों को अस्थायी गिरफ्तारी का अनुरोध भेजा गया। 24 जुलाई को कंबोडियाई अधिकारियों ने ढिल्ला की गिरफ्तारी की पुष्टि की। भारत के अनुरोध पर कंबोडियाई अधिकारियों ने प्रत्यर्पण को मंजूरी दी। इसके बाद, हरियाणा पुलिस की एक टीम कंबोडिया गई और 2 सितंबर को मेनपाल ढिल्ला को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया।
बता दें कि इंटरपोल की ओर से रेड नोटिस वांछित अपराधियों पर नजर रखने के लिए विश्वभर की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजे जाते हैं। पिछले कुछ सालों में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से समन्वय करके 100 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है।
Tagsहरियाणाभगोड़े अपराधी मेनपाल ढिल्लामेनपाल ढिल्लाHaryanaFugitive criminal Mainpal DhilllaMainpal Dhillla
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





