कार सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, ट्रक का टायर फटने से हुआ बड़ा हादसा

राजस्थान। बूंदी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। बजरी से भरा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और एक कार पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बूंदी जिले के सदर थाना क्षेत्र में सिलोर पुल के पास शाम करीब 6.30 बजे हुआ। टोंक जिले के रहने वाले पांच लोग कार से कोटा एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर से कोटा की ओर आ रहा बजरी से लदा ट्रक पीछे से कार से टकराया। बताया गया कि ट्रक का एक टायर फट गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया कि टायर फटने के बाद ट्रक गलत लेन में चला गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क के दूसरी ओर फिसल गए और ट्रक सीधे कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से कार पूरी तरह कुचल गई। मौके पर ही तीन सगे भाइयों सहित चार लोगों की मौत हो गई।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान मोइनुद्दीन (60), फरीउद्दीन (45), आज़मीउद्दीन (40) और उनके चचेरे भाई सैफुद्दीन (28) के रूप में हुई है। सभी टोंक जिले के निवासी थे। सैफुद्दीन के पिता वसीउद्दीन (64) इस हादसे में घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।





