
अलवर। सदर थाना क्षेत्र के छठी मील के पास शनिवार देर शाम एक थार गाड़ी का कहर देखने को मिला. शादी समारोह से बाइक पर घर लौट रहे एक परिवार को थार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया. लेकिन हालत गंभीर होने पर दोनों को जयपुर रेफर कर दिया गया. इस दौरान रास्ते में महिला की भी मौत हो गई. इसके बाद सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या 3 से बढ़कर 4 हो गई. घटना के बाद आरोपी थार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
एनआईए थाने के एएसआई बंसीलाल ने बताया कि नांगल खेड़ा निवासी महेंद्र उम्र 35 साल, अपनी पत्नी गुड्डी देवी उम्र 35 साल, बेटा पूर्वश उम्र 2 साल, भतीजी पायल उम्र 8 साल और खुशबू उम्र 4 साल के साथ चचेरे भाई मोहन के बेटे की शादी में शालीमार गए थे. रात 8 बजे सभी लोग बाइक से वापस गांव लौट रहे थे. तभी छठी मील के पास पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही महेंद्र 200 मीटर दूर जाकर गिरे. जबकि पत्नी गुड्डी देवी 100 मीटर दूर उछलकर गिरी. बेटा और भतीजा भी हादसे के बाद दूर उछलकर गिरा. जबकि इस हादसे में छोटी बच्ची 500 मीटर दूर थार की छत पर जाकर गिरी.
हादसे के तुरंत बाद आरोपी थार चालक मौके पर गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि बाइक पर पांच लोग सवार थे. इसमें से चार लोगों की मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर इकट्ठा हुए. हादसे से परिवार में शादी की खुशियां माता में बदल गईं. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. हादसे की जानकारी मिलते ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मृतक परिवार के परिजनों से मिलने के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने कहा कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है. गाड़ी की पहचान करके उसके मालिक को बुलाया गया है. साथ ही परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
अलवर जिले में तेज रफ़्तार कार और बाइक की टक्कर से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत और एक मासूम बच्ची के घायल होने की खबर अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है।
— Nirmal Choudhary (@NirmlChoudhary) November 1, 2025
भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
हादसे में घायल हुई… pic.twitter.com/7prNnmyqP3





