कार नहर में गिरने से 4 दोस्तों की मौत, शादी समारोह से लौट रहे थे घर

यूपी। कान्हा की नगरी मथुरा में बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों के चिराग बुझा दिए। मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी नहर में जा गिरी। इस दिल दहला देने वाली घटना में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी युवक महावन से राजस्थान के डीग में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और शादी वाले घर की खुशियां चंद मिनटों में मातम में तब्दील हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 9:00 बजे हुआ। महावन से गोवर्धन और मगोर्रा होते हुए एक कार डीग (राजस्थान) की ओर बढ़ रही थी। नगला देविया मोड़ के समीप कार की रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे पानी की टंकी से टकराते हुए करीब 6 मीटर गहरी नहर (कैनाल) में जा गिरी। चश्मदीदों के अनुसार, कार पानी में पूरी तरह उल्टी हो गई थी, जिसके कारण अंदर फंसे युवकों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका। रात के अंधेरे और गहरे पानी ने बचाव कार्य में भी बड़ी बाधा उत्पन्न की। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खुद बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें क्रेन के साथ मौके पर पहुंचीं। क्रेन की मदद से जब कार को पानी से बाहर निकाला गया, तो उसमें से दो अन्य युवकों के शव बरामद हुए। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
मृतकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें बलदेव गढ़ मोहल्ला, महावन निवासी राहुल वर्मा (23), मोहित (22) और प्रेमनगर कलां निवासी अमित (23) शामिल हैं। चौथे युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों में मोहित कानून (Law) का छात्र था, जबकि अमित भी अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा था। राहुल वर्मा सिलाई का काम करता था और जिस गाड़ी में यह हादसा हुआ, वह राहुल के बड़े भाई सज्जन सिंह की थी। होनहार बेटों की मौत की खबर जैसे ही महावन पहुंची, पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।





