भारत

बंगाणा के हरोट में जंगल की आग ने मचाई तबाही, पशुशाला जलकर राख

Shantanu Roy
29 May 2026 5:08 PM IST
बंगाणा के हरोट में जंगल की आग ने मचाई तबाही, पशुशाला जलकर राख
x
Bangana. बंगाणा। क्षेत्र बंगाणा के गांव हरोट में जंगलों में लगी आग ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। चारों तरफ धधकती आग के बीच दो परिवारों ने पूरी रात जागकर अपने आशियानों को बचाने के लिए संघर्ष किया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते एक पशुशाला इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गई। हालांकि परिवारों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने रिहायशी मकानों को आग की लपटों से बचा लिया। ग्रामीणों के अनुसार जंगल में लगी आग तेज हवाओं के चलते मंगलवार देर शाम को रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच गई। आग की लपटें घरों के बेहद करीब पहुंच गईं, जिससे आसपास दहशत का माहौल बन गया। परिवारों ने तुरंत बाल्टियों, पाइपों और टहनियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पूरी रात दोनों परिवारों के सदस्य आग बुझाने में जुटे रहे। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में एक रिहायशी मकान आग की चपेट में आ
गया था।

ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग, पुलिस और वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन हैरानी की बात रही कि करीब 24 घंटे तक मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते विभागीय मदद मिल जाती तो नुकसान को और कम किया जा सकता था। उन्होंने बताया कि घटना स्थल में अग्निशमन विभाग की छोटी गाड़ी आराम से पहुंच सकती थी, लेकिन वाहन होने के कारण विभाग कोई मदद नहीं कर पाया। पीडि़त परिवार से रशपाल व ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी और संकरे रास्तों के कारण अग्निशमन विभाग की बड़ी गाडिय़ां गांव तक नहीं पहुंच पातीं। विभाग के पास छोटे वाहन उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, पुलिस और वन विभाग के पास भी पर्याप्त स्टाफ नहीं होने से समय पर राहत नहीं मिल पाई। लोगों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि ग्रामीण इलाकों में ध्यान दिया जाए। बड़ी गाडिय़ों का ही प्रयोग होता है।
Next Story