भारत

हरियाणा में जम्मू-कश्मीर जा रही बस पर हमले के बाद उमर अब्दुल्ला ने सख्त कार्रवाई की मांग की

jantaserishta.com
18 Oct 2026 4:37 PM IST
हरियाणा में जम्मू-कश्मीर जा रही बस पर हमले के बाद उमर अब्दुल्ला ने सख्त कार्रवाई की मांग की
x
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा में श्रीनगर जा रही एक यात्री बस पर कथित हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए राज्य सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री के घायल होने और बस के शीशे टूटने की खबर है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि जम्मू-कश्मीर जाने वाली बस से जुड़ी इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर हरियाणा सरकार के समक्ष यात्रियों की सुरक्षा और उनकी कुशलक्षेम का मुद्दा उठाया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, हरियाणा प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कानून के अनुसार जल्द और सख्त कार्रवाई की जाएगी। जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।
उमर अब्दुल्ला ने भी अपने एक्स हैंडल पर घटना का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी। मुझे उम्मीद है कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और हरियाणा पुलिस दोषियों को पकड़ेंगी और यह सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई करेंगी कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”
वहीं, वरिष्ठ धार्मिक नेता और कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने भी घटना पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कश्मीर जा रही बस पर हमले में एक बुजुर्ग यात्री घायल हुआ और अन्य यात्री भी दहशत में आ गए।
मीरवाइज उमर फारूक ने एक्स पर लिखा कि कश्मीर जा रही बस पर हमले की खबर से वह परेशान हैं। जम्मू-कश्मीर में पंजीकृत वाहनों को धमकियां दिए जाने की खबरें भी लोगों के बीच चिंता पैदा कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से कश्मीरी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली से श्रीनगर जा रही स्टार वर्ल्ड वेंचर्स की एक यात्री बस पर 17 और 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पत्थरों और ईंटों से हमला किया गया। घटना के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बताया गया है कि शनिवार रात करीब 10:45 बजे कुरुक्षेत्र और करनाल क्षेत्र में मार्ग पर स्थित डिवाइन स्टार ढाबा के पास बस रुकी थी। इसी दौरान कार से पहुंचे कुछ लोगों ने कथित तौर पर बस चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
आरोप है कि कुछ समय बाद हमलावर मोटरसाइकिलों पर लौटे और बस पर पत्थर तथा ईंटें फेंकीं। इससे बस के शीशे टूट गए और एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर तीसरी बार भी लौटे और कथित तौर पर धमकी दी कि हरियाणा में जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण वाले वाहनों को चलने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद कुछ देर तक टकराव की स्थिति बनी। पुलिस ने कुछ यात्रियों को अस्थायी रूप से हिरासत में लिया, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और मीरवाइज उमर फारूक ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story