भारत

ऋण जमा अनुपात सुधारने पर फोकस

Shantanu Roy
27 Feb 2026 4:33 PM IST
ऋण जमा अनुपात सुधारने पर फोकस
x
कुल्लू। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय भवन में दिसंबर तिमाही के लिए जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कृषि, बागबानी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने के लिए बैंकों एवं विभागों को आपसी समन्वय से
कार्य करना होगा।


उन्होंने बैंकों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों, पेंडेंसी का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में ऋण-जमा अनुपात तथा वार्षिक ऋण योजना के प्रमुख संकेतकों में बैंकों की कार्यक्षमता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होनी चाहिए। इसके लिए ऋण वितरण में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के आधार पर ऋण स्वीकृति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बैठक में पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 11141.10 करोड़ तथा कुल ऋण 517184 करोड़ रहा। इस प्रकार जिले का ऋण-जमा अनुपात 46.42 प्रतिशत रहा। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही, पहली अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस अवधि के दौरान कुल 2622.80 करोड़ का ऋण वितरित किया गया।
Next Story