भारत

Rohtang में सैलानियों का सैलाब

Shantanu Roy
16 Jun 2024 11:23 AM GMT
Rohtang में सैलानियों का सैलाब
x
Manali. मनाली। सप्ताहांत के चलते पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ रहा है। बारालाचा व शिंकुला दर्रे में बर्फ के ढेर लगे हैं लेकिन लंबे समय से रोहतांग दर्रा ही पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। पर्यटक रोहतांग दर्रे में बर्फ के बीच अठखेलियां कर रहे हैं। शनिवार को भी भारी संख्या में पर्यटक वाहन मनाली पहुंच रहे हैं। पर्यटकों के सैलाब के आगे शनिवार को पर्यटन नगरी मनाली की सडक़ें छोटी पड़ गई। हिडिंबा मंदिर सहित मनु मंदिर व क्लब हाउस मार्ग पर ट्रैफिक जाम अधिक रहा। हालांकि अब पुलिस जवानों की संख्या बढऩे से ट्रैफिक कुछ हद तक नियंत्रण में है,
लेकिन पर्यटकों के सैलाब के आगे व्यवस्था छोटी पड़ रही है।
होटलों में आक्यूपेंसी 100 प्रतिशत चल रही है। बिना बुकिंग के आ रहे पर्यटकों को मन पसंद होटल नहीं मिल रहे हैं। मनाली से बाहर होटलों में आसानी से कमरे मिल रहे हैं, लेकिन शहर में कमरे खाली नहीं हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि होटल संचालकों की ओर से पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जा रही है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सप्ताहांत में पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ी है। शनिवार को थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक जाम लगा, लेकिन व्यवस्था बेहतर रही।
Next Story