माफिया घोषित हुए 5 शराब कारोबारी, पुलिस करने जा रही संपत्ति कुर्क भी

यूपी। यूपी पुलिस ने मनोज जायसवाल समेत बरेली, उन्नाव और आजमगढ़ के पांच शराब कारोबारियों को माफिया घोषित किया है। थाना बारादरी से उन्हें माफिया नंबर म-17/2026 जारी किया गया है। इन पर कार्रवाई के साथ ही इनके साथी भी पुलिस के रडार पर आ गए हैं और उनका चिह्नीकरण शुरू कर दिया गया है। सहारनपुर के गांव टपरी स्थित शराब फैक्ट्री कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड में घोटाले को लेकर गैंगस्टर और संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के बाद इसमें शामिल शराब कारोबियों पर फिर से पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। इसके तहत थाना बारादरी पुलिस की रिपोर्ट पर ग्रीन पार्क निवासी मनोज जायसवाल, फतेहगंज पश्चिमी के गांव बेहटा निवासी संजय कुमार, इज्जतनगर के न्यू ब्रजलालनगर निवासी अजय जायसवाल, उन्नाव में कोतवाली के गांधीनगर निवासी अशोक दीक्षित और आजमगढ़ में थाना अतरौलिया के शिवपुरम गढ़वान निवासी अरुण कुमार पांडेय को शराब माफिया घोषित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। यह गिरोह संगठित रूप से अवैध शराब तस्करी जैसी अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे। इनमें से मनोज के खिलाफ गैंगस्टर समेत चार, अशोक के खिलाफ गैंगस्टर समेत तीन और अरुण व संजय पर एक-एक मुकदमा दर्ज है। मार्च 2021 में सहारनपुर स्थित टपरी डिस्टलरी से आबकारी अधिकारियों, शराब कारोबारियों और फैक्ट्री प्रशासन की मदद से टैक्स चोरी का मामला प्रकाश में आया था। इसको लेकर सहारनपुर, बारादरी और कानपुर में भी मुकदमे दर्ज किए गए थे। बाद में इन सभी मामलों की जांच लखनऊ एसआईटी को सौंपी गई थी। इस मामले में 27 लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई। इसका गैंगलीडर मालवीयनगर दक्षिण दिल्ली निवासी एमडी प्रणय अनेजा को बनाया गया।
यूनिट हेड उपेंद्र गोविंद राव, बाटलिंग इंचार्ज हरिशरण तिवारी, बारकोड डिस्पैचर प्रदीप कुमार, कैमिस्ट अरविंद कुमार, क्वालिटी कंट्रोलर संजय कुमार शर्मा, एटीपी इंचार्ज मांगेराम त्यागी, ट्रांसपोर्टर जय भगवान शर्मा, ड्राइवर गुलशेर, अशोक कुमार कश्यप, कमल डेनियल, वीरेंद्र शंकर, सत्यवान शर्मा उर्फ सत्यभान, सीबीगंज निवासी अश्वनी कुमार उपाध्याय, संतलाल जायसवाल, ग्रीन पार्क निवास मनोज जायसवाल, उसका भाई नीरज जायसवाल, अशोक दीक्षित, रविंद्र किशोर, सहायक आबकारी आयुक्त जगराम पाल, तत्कालीन आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, राकेश कुमार चतुर्वेदी, टीएस सोमशेखर, कुलदीप सिंह और प्रदीप गुप्ता का गैंग का सदस्य बनाया गया। एसएसपी, अनुराग आर्य ने कहा कि मनोज जायसवाल समेत पांच अपराधियों को अवैध शराब माफिया घोषित किया गया है। ये सभी पुलिस की लगातार निगरानी में रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त इनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इनकी अवैध संपत्ति का भी चिह्नीकरण कराकर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





