भारत

कुल्हाड़ी कांड के मुख्य आरोपी संग पांच अरेस्ट

Shantanu Roy
10 July 2026 5:01 PM IST
कुल्हाड़ी कांड के मुख्य आरोपी संग पांच अरेस्ट
x
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर के अंतर्गत मंडी-भराड़ी में दिन-दहाड़े हुए सनसनीखेज जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस ने महज 28 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस वारदात के मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल उर्फ फांदी निवासी नसवाल बिलासपुर और कुलभूषण ठाकुर उर्फ लक्की निवासी तरेड़ बिलासपुर को कुल्लू के बंजार क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से भागने की योजना बनाई थी और केवल 24 घंटे के भीतर आठ अलग-अलग वाहन बदलकर लगातार अपना ठिकाना बदलते रहे, लेकिन पुलिस ने अब इस मामले को सुलझा लिया है। अभी इस मामले में अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। गत आठ जुलाई की सुबह करीब 10 बजे मंडी-भराड़ी के समीप पंजाब के व्यक्ति सन्नी गिल पर दो लोगों सौरभ पटियाल व कुलभूषण (नकाबपोश) ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत एम्स बिलासपुर में
उपचार के लिए पहुंचाया।

इसके बाद पुलिस थाना सदर बिलासपुर में अभियोग संख्या 167/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 1152(2), 352, 351(2), और 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने तुरंत कई विशेष जांच टीमें गठित कीं। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले से पूरी रणनीति तैयार कर रखी थी। वारदात के बाद उन्होंने 24 घंटे के भीतर आठ अलग-अलग वाहन बदले, मुख्य सडक़ों की बजाय केवल लिंक रोड का इस्तेमाल किया और सीसीटीवी कैमरों व पुलिस नाकों से बचते हुए लगातार स्थान बदलते रहे। आरोपियों को फरार होने में मदद देने, वाहन उपलब्ध कराने और अन्य लॉजिस्टिक सहायता देने के आरोप में धीरज धर्माणी निवासी कंरगोड़ा, सूर्या चंदेल निवासी दड़ोलां और अनिल कुमार निवासी बरठीं को भी गिरफ्तार किया गया है। सूर्या चंदेल मुख्य आरोपियों के साथ ही भाग गया था। वहीं, इनमें धीरज धर्माणी को आठ जुलाई को ही हिरासत में ले लिया गया था, जबकि अनिल कुमार को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उधर, एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मंडी भराड़ी में हुई वारदात से संबधित पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल ऊर्फ फांदी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।
Next Story