कारोबारी के बेटे की जन्मदिन पार्टी में फायरिंग, इलाके का थाना प्रभारी सस्पेंड

यूपी। राजधानी लखनऊ में हजरतगंज के नामचीन शर्मा चाय दुकान के मालिक के बेटे गौरव शर्मा ने अपनी बर्थ-डे पार्टी में सोमवार रात कई राउंड गोलियां तड़तड़ाई। घटना मोहनलालगंज के स्पैरो रिसॉर्ट में हुई। वह दोस्तों के साथ पार्टी मना रहा था। कर्मचारियों ने जब फायरिंग का विरोध किया तो उन्हें भी पीटा। बताया जा रहा है इस दौरान कई लोग नशे में थे। पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गौरव शर्मा को हिरासत में ले लिया। वहीं, लापरवाही के आरोप में देर रात चौकी इंचार्ज निमेश दुबे को निलंबित कर दिया गया।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, गौरव शर्मा हजरतगंज स्थित शर्मा चाय दुकान के संचालक का बेटा है। रविवार को सिसेंडी-मदारपुर मार्ग पर स्थित स्पैरो रिसार्ट में 35-40 दोस्तों के साथ रात बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। डीजे नाच-गाना पार्टी में चल रहा था। रिसॉर्ट कर्मचारी जितेंद्र के मुताबिक डीजे पर गौरव और उनके साथी डांस कर रहे थे। सभी नशे में धुत थे। गौरव ने पिस्टल निकाली और ताबड़तोड़ चार राउंड गोलियां तड़तड़ाई। जितेंद्र के मुताबिक उन्होंने और अन्य कर्मचारियों ने विरोध किया तो गौरव और उसके साथियों ने उन्हें पीटा। इंस्पेक्टर ने बताया कि जितेंद्र की तहरीर के आधार पर गौरव समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गौरव को हिरासत में ले लिया गया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पार्टी के दौरान कुछ वीडियो और सीसी फुटेज मिली हैं। उन वीडियो और सीसी फुटेज की मदद से हमलावरों के साथ ही फायरिंग के समय मौके पर मौजूद लोगों की पहचान की जा रही है। मौके से चार खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस को हुई शिकायत में बताया गया है कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच डीजे पर डांस चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इन्हें मना किया गया लेकिन इसके बाद भी फायरिंग जारी रही। इनमें कुछ युवक नशे की हालत में थे। ऐसे में कुछ भी हो सकता था। जब कर्मचारियों ने जबरिया रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। कुछ कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।





