LoC पर फिर फायरिंग, भारतीय सेना दे रही पाकिस्तानी सेना को जवाब

जम्मू। पहलगाम में आंतकी हमले के बाद से नियंत्रण रेखा (LoC) पर तनाव बढ़ा हुआ है. पाकिस्तान की तरफ से बार-बार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है और LoC पर फायरिंग की जा रही है. पाकिस्तान ने लगातार चौथी रात भी गोलीबारी की. 27-28 अप्रैल की रात को, पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के समीपवर्ती क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी. भारतीय सैनिकों ने इसका तेजी से और प्रभावी ढंग से जवाब दिया है.
इससे पहले तीसरी रात भी गोलाबारी जारी रखी थी. 26-27 अप्रैल की रात पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के विपरीत क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी. भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया.
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने 25-26 अप्रैल की रात अपनी कई चौकियों से बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की. यह घटना रातभर चली और पाकिस्तान की ओर से कई स्थानों पर गोलीबारी की गई. भारतीय सेना ने पाकिस्तान को प्रभावी ढंग से जवाब दिया है. अभी तक किसी भी पक्ष से हताहत होने की सूचना नहीं है.





