भारत

सलूर-जयोरी के जंगल में आग का तांडव, करोड़ों की वन संपदा जलकर राख

Shantanu Roy
28 April 2025 3:18 PM IST
सलूर-जयोरी के जंगल में आग का तांडव, करोड़ों की वन संपदा जलकर राख
x
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बैहल बीट के अंतर्गत आने वाले सलूर-जयोरी जंगल में पिछले दो दिनों से आग धधक रही है। आग की भयावहता लगातार बढ़ती जा रही है और अब तक करोड़ों रुपए की वन संपदा जलकर राख हो चुकी है। आग के चलते हजारों वन्य जीव भी जलकर मर गए हैं, जिससे जैव विविधता को भारी नुकसान पहुंचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 100 हेक्टेयर वन जलकर राख हो गया है। बताते चलें कि वन विभाग द्वारा पिछले साल 30 हेक्टेयर भूमि पर प्लांटेशन की गई थी जो जलकर राख हो गई है। वन विभाग स्वारघाट की ब्लॉक अधिकारी के नेतृत्व में वन रक्षक दल दिन-रात आग बुझाने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।

तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे नियंत्रण पाना अत्यंत कठिन हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें 20 से 30 फुट ऊंची उठ रही थीं, जिससे आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने में मदद की। कौडावाला पंचायत के प्रधान प्रदीप ठाकुर ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई। प्रदीप ठाकुर ने बताया, “स्थिति बहुत भयावह है। हम सभी मिलकर आग को काबू करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन और फायर ब्रिगेड का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है, लेकिन तेज हवाओं के कारण स्थिति पूरी तरह काबू में नहीं आ पा रही है।” प्रधान की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कई घंटों तक आग बुझाने का प्रयास किया गया। हालांकि अभी भी कुछ क्षेत्रों में आग धधक रही है। वन विभाग अधिकारियों का कहना है कि यदि मौसम में सुधार होता है और हवाओं की गति धीमी पड़ती है तो अगले 24 घंटों में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सकता है।
Next Story