
x
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब में गर्मी शुरू होते ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसके चलते शुक्रवार को गरीबनाथ बीट व भंगानी के माजरी बीट के जंगल में अचानक आग लगने से कई हेक्टेयर में आग फैल गई है। आग चपेट में आने से कुछ वन संपदा भी जलकर राख हो गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी बीओ सुमंत कुमार की अगवाई में वनरक्षक प्रभारी संदीप शर्मा, रतन शर्मा, अजय शर्मा, ग्रामीणों में महेंद्र सिंह निवासी फूलपुर, कृष्ण लाल, लोकेश निवासी फूलपुर, राजेंद्र सिंह, हितेश, राम सिंह, कृष्ण लाल, संजय निवासी करतारपुर, किशोरी लाल, श्याम लाल, यूसुफ, बगी, लियाकत मौके पर पहुंचे व आग पर काबू पाया। इसके अलावा भंगानी के माजरी बीट के जंगलों में भी गर्मी के कारण आग लग गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने यहां पर भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए डीएफओ पांवटा ऐश्वर्य राज ने बताया कि गर्मी के चलते पांवटा साहिब के गरीबनाथ बीट व भंगानी के माजरी बीट में आग लग गई थी जिसे वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से काबू किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी भी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई। वन मंडल पांवटा के डीएफओ ऐश्वर्य राज ने बताया कि गर्मी का सीजन शुरू होते ही विभाग नवीनतम टेक्रोलॉजी के साथ ही आगजनी की घटनाओं पर पैनी नजर बनाए हुए है। आगजनी से निपटने के लिए प्रत्येक रेंज में समितियां गठित कर दी गई हैं जोकि राउंड द क्लॉक आपातकाल स्थिति के लिए तैयार रहती हैं। कहीं भी आगजनी की सूचना मिलते ही यह समीतियां घटनास्थल पर पहुंचकर इसकी रोकथाम को रैपिड एक्शन में रहती हैं। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वन में आगजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम अति आवश्यक है। लोगों को हर समय स्तर्क रहते हुए किसी भी आपातकाल स्थिति पर स्वयं भी घटना की रोकथाम के लिए अग्रसर रहना चाहिए। साथ ही स्थानीय जनता आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले शरारती तत्त्वों अथवा किसी भी वन्य क्षेत्र में आगजनी की सूचना तत्त्काल विभाग के अधिकारियों को दें। ताकि आगजनी जैसी बड़ी घटना को रोका जा सके।
Next Story





