भारत

रिहायशी इमारत में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते बुझाई

Nilmani Pal
28 May 2026 1:14 PM IST
रिहायशी इमारत में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते बुझाई
x
पढ़े पूरी खबर

मुंबई। कोलाबा इलाके में गुरुवार सुबह एक रिहायशी इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना ससून डॉक के सामने स्थित किस्मत बिल्डिंग में हुई। गुरुवार सुबह आठ बजे मुंबई फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर बनी चार मंजिला इमारत के चौथे फ्लोर पर एक कमरे में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बेस्ट सप्लाई, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी का वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गया।

मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तुरंत राहतऔर बचाव कार्य शुरू किया। बाद में मिली जानकारी के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर बनी पांच मंजिला इमारत के पांचवें फ्लोर पर स्थित कमरा नंबर दो तक सीमित थी। आग से कमरे में मौजूद बिजली की वायरिंग, बिजली के उपकरण, लकड़ी का फर्नीचर, पर्दे और खाने-पीने का सामान जल गया। आग लगभग 200 गुना 100 फीट के दायरे में फैली थी, लेकिन दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 8 बजकर 12 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि करीब 50 साल की एक महिला के दाहिने हाथ की उंगलियां मामूली रूप से झुलस गईं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी लेकिन महिला ने इलाज के लिए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना की जानकारी बीएमसी सूत्रों ने दी है। आग लगने के दौरान इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। कई लोग एहतियात के तौर पर नीचे उतर आए। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आसपास के इलाके में किसी तरह का खतरा नहीं है।

Next Story