भारत

डीजल टैंकर में लगी आग, नेशनल हाईवे में बड़ी घटना

Nil dhankar
22 July 2026 7:32 AM IST
डीजल टैंकर में लगी आग, नेशनल हाईवे में बड़ी घटना
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। नेशनल हाइवे पर दौड़ रहा एक डीजल टैंकर... अचानक तेज धमाके जैसी आवाज... फिर पिछले हिस्से से उठता धुआं... और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें. यह तस्वीर यूपी के कौशांबी जिले की है, जहां सैनी थाना क्षेत्र के कनवार बॉर्डर के पास NH-19 पर डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई. कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

टैंकर कानपुर से चित्रकूट के कनैली स्थित किसान सेवा केंद्र की ओर डीजल लेकर जा रहा था. रास्ते में अचानक टैंकर के पिछले दाहिने तरफ का टायर फट गया. इसके बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने टैंकर के पिछले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. सबसे पहले ड्राइवर की नजर धुएं पर पड़ी. उसने बिना घबराए टैंकर को सड़क किनारे रोका और तुरंत वाहन से बाहर निकल गया. आसपास मौजूद लोगों को भी दूर रहने के लिए कहा गया. क्योंकि हर किसी के मन में एक ही डर था कि अगर आग डीजल से भरे टैंक तक पहुंच गई, तो बड़ा विस्फोट हो सकता है.

हाइवे पर आग की लपटें देखकर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. कई लोगों ने अपने वाहन काफी दूर रोक दिए. कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस और फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से हाइवे पर ट्रैफिक रोक दिया. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कराई गई. मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र तिवारी भी पहुंचे. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में टायर फटने के बाद आग लगने की बात सामने आई है. गनीमत रही कि आग डीजल से भरे मुख्य टैंक तक नहीं पहुंची. अगर ऐसा होता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी.

ड्राइवर ने कहा कि चलते समय अचानक पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया. उसने तुरंत गाड़ी रोक दी और पुलिस व फायर सर्विस को सूचना दी. घटना के वीडियो में टैंकर के पिछले हिस्से से उठती आग की ऊंची लपटें, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिसकर्मी आग बुझाने में जुटे दिखाई दे रहे हैं. काफी देर तक हाइवे पर जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन आग बुझने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने की वजह की जांच कर रहे हैं.


Next Story