भारत

टीएमसी में रैगिंग करने पर एक लाख तक लगेगा जुर्माना

Shantanu Roy
19 Jun 2026 5:33 PM IST
टीएमसी में रैगिंग करने पर एक लाख तक लगेगा जुर्माना
x
TMC. टीएमसी। डाक्टर राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा अस्पताल गुरुवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य मेडिकल छात्रों के साथ किसी भी प्रकार की रैगिंग की घटना को रोकना था। प्राचार्य डा. मिलाप शर्मा ने मौके पर ही एंटी रैगिंग कमेटी के सभी सदस्यों को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि एंटी रैगिंग कमेटी अपने कार्यों का निर्वहन पूरी सतर्कता से करे। उन्होंने कहा कि जैसा कि सर्वविदित है कि रैगिंग को दंडनीय अपराध की श्रेणी में रखा गया है। इसे रोकने के लिए सर्वोच्च न्यायालय ने इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही रैगिंग विरोधी कानून भी बनाया गया है। यदि कोई छात्र या छात्र समूह किसी भी जूनियर छात्र की रैगिंग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध एंटी रैगिंग एक्ट के तहत एक लाख तक का जुर्माना तथा छह महीनों के लिए निष्काषित किया जाएगा।
इसके तहत तीन वर्ष के कठोर कारावास और आर्थिक दंड का प्रावधान भी है। प्राचार्य डाक्टर मिलाप शर्मा ने आगे कहा कि यदि एंटी रैगिंग कमेटी किसी भी प्रकार की रैगिंग के मामले की अनदेखी करती है, तो उसके विरुद्ध एंटी रैगिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीन वर्ष के कठोर कारावास का प्रावधान है। बैठक में उन्होंने कालेज प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, उपस्थित एंटी-रैगिंग कमेटियों के सदस्यों को निर्देश दिए कि वे एंटी-रैगिंग कानून का उचित पालन सुनिश्चित करें और रैगिंग रोकने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएं। एंटी रैगिंग कमेटी ने विभिन्न बैचों के कक्षा प्रतिनिधियों से बातचीत की और उनसे रैगिंग संबंधी शिकायतों के बारे में जानकारी ली। बैठक में नशे को रोकने के लिए यह भी निर्णय लिया गया कि मेडिकल कालेज के भीतर और मेडिकल कालेज के प्रवेश द्वार पर कोई भी ऑनलाइन सामान आता है तो उसे होस्टल सिक्योरिटी गार्ड को जमा करवाना पड़ेगा, उसके बाद ही स्टूडेंट वहां से पहचान बताकर सामान ले सकते हैं। इस एंटी रैगिंग मीटिंग में टांडा मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डाक्टर मिलाप शर्मा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डाक्टर विवेक बनयाल, बीएससी नर्सिंग प्रिंसीपल पूजा सूद, एनजीओ प्रेजिडेंट राजीव समकरिया होस्टल मैनेजर दीपक वर्मा, डा. सीमा, पंकज राणा, डा. सपना भारद्वाज, डा. बालचंद्र, नर्सिंग से मोनिका चौधरी, कुसुम लता, सिक्योरिटी सुपरवाइजर गुलेर सिंह, पुलिस से अश्वनी सहित एंटी रैगिंग कमेटी के अधिकतर मेंबर्स उपस्थित रहे।
Next Story