भारत

बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित नेपाल के लिए आर्थिक सहायता अभियान शुरू

Tulsi Rao
4 Sept 2026 8:08 AM IST
बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित नेपाल के लिए आर्थिक सहायता अभियान शुरू
x

कवर्धा। नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हजारों परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग बेघर हो गए हैं। ऐसे कठिन समय में प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, भोजन, दवाइयां और पुनर्वास सहायता पहुंचाने के लिए सहयोग की जरूरत है।

कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला अध्यक्ष श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिले के नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शासकीय-अशासकीय कर्मचारियों से नेपाल आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए आर्थिक सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हमेशा आपदा और संकट की परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करती है। नागरिकों द्वारा दिया गया छोटा-सा सहयोग भी प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है। मानवता के भाव से किया गया योगदान राहत और पुनर्वास कार्यों को मजबूती देगा।

सहयोग राशि जमा करने के लिए जिला रेडक्रॉस अधिकारी बालाराम साहू, कबीरधाम से मोबाइल नंबर 9407995031 पर संपर्क किया जा सकता है। एकत्रित राशि को रेडक्रॉस राज्य कार्यालय रायपुर के माध्यम से नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

रेडक्रॉस सोसायटी ने बताया कि संस्था को दिए जाने वाले दान पर नियमानुसार आयकर छूट का लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है। सहयोग राशि जमा करने के बाद दानदाता अपनी रसीद भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी कार्यालय, कबीरधाम में प्रस्तुत कर सकते हैं।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मानवता के इस कार्य में आगे आएं और नेपाल के बाढ़ एवं भूस्खलन प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अपना योगदान दें।

Next Story