भारत

फिल्म लाइन के कर्मचारी गिरफ्तार, हरकत किसी राक्षस से कम नहीं

Nilmani Pal
5 April 2026 3:10 PM IST
फिल्म लाइन के कर्मचारी गिरफ्तार, हरकत किसी राक्षस से कम नहीं
x
पढ़े पूरी खबर

मुंबई। बांगुर नगर इलाके में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सीरियल मॉलेस्टर को गिरफ्तार किया है. महज 48 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर बांगुर नगर पुलिस ने तेजी और सतर्कता का परिचय दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मुख्तार नसीर खान के रूप में हुई है, जो फिल्म लाइन में काम करता है और गोरेगांव पूर्व स्थित आरे कॉलोनी का निवासी है.

पुलिस के अनुसार आरोपी हाईप्रोफाइल इलाकों में अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था. वह सुनसान जगहों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर बाइक से फरार हो जाता था. उसके इस कृत्य से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बांगुर नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की. जांच के दौरान पुलिस ने 29 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई. इसके बाद सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अब तक तीन अलग-अलग महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए जा चुके हैं. आशंका जताई जा रही है कि पूछताछ में और भी घटनाओं का खुलासा हो सकता है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र आव्हाड ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है.

Next Story