
यूपी। कौशांबी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार को एक प्राथमिक स्कूल की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह पटेल चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंच गईं। स्कूल परिसर में भी धारदार हथियार लहराए। इससे बच्चे दहशत में आ गए और मौके से भाग खड़े हुए।
वहीं, हेडमास्टर की करतूत का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। हालांकि, लाइव इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उधर, बीईओ की रिपोर्ट पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को सस्पेंड कर दिया। सहायक अध्यापक की तहरीर पर सैनी पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया है।
ये मामला कड़ा ब्लॉक का है। प्रयागराज के अल्लापुर की रहने वाले आकेश निरंजन की पत्नी शिखा सिंह पटेल लुकिया प्राइमरी स्कूल में इंचार्ज प्रिंसिपल हैं। बीईओ कड़ा नीरज उमराव के मुताबिक, पिछले तीन-चार दिनों से वह चाकू और चापड़ लेकर स्कूल आ रही थीं। शुक्रवार सुबह वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह स्कूल के गेट से हाथों में चाकू व चापड़ लेकर भीतर प्रवेश कर रही हैं। इसके बाद कक्षा में कुर्सी पर बैठकर इसे लहरा रही हैं। प्रिंसिपल के हाथ में धारदार हथियार एवं उनकी हरकत देखकर विद्यालय में पंजीकृत 57 विद्यार्थी भाग खड़े हुए। सहायक अध्यापक एवं दोनों शिक्षामित्र भी दहशत में आ गए। अभिभावकों की शिकायत पर पहुंचे सैनी थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ पांडेय ने आरोपी प्रिसिंपल से पूछताछ की।
इंस्पेक्टर के अनुसार, प्रधानाध्यापिका की दिमागी हालत ठीक नहीं लग रही थी। प्रकरण सुर्खियों में आया तो बीईओ ने भी मौके पर जाकर जांच की। बीएसए ने बीईओ की रिपोर्ट मिलते ही प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। सैनी पुलिस ने सहायक अध्यापक विकास सिंह की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया है। साथ ही पुलिस ने उन्हें ने हिरासत में भी लिया। हालांकि, बाद में पूछताछ कर छोड़ दिया गया।





