भारत

Nahan में नशे बेचते पिता-पुत्र-पोता गिरफ्तार

Shantanu Roy
16 July 2024 9:57 AM GMT
Nahan में नशे बेचते पिता-पुत्र-पोता गिरफ्तार
x
Nahan. नाहन। जिला सिरमौर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार करने वाले नाहन शहर के एक ही परिवार की तीन पीढिय़ों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए पिता, पुत्र व पौत्र तीन पीढिय़ों से 24 लाख से अधिक की नकदी व भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। सिरमौर पुलिस के डिटेक्शन सैल ने नशे के खिलाफ जबरदस्त स्ट्राइक की है। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाहन शहर के वाल्मीकि नगर में 71 वर्षीय प्रेम चंद के घर पर दबिश देकर नशीले कैप्सूल, चरस, अफीम व चिट्टे की खेप सहित 24.40 लाख की राशि बरामद की है। गौर हो कि चंद दिन पहले ही नाहन पुलिस ने वाल्मीकि नगर से एक युवक को काबू किया था। जानकारी के मुताबिक जिला सिरमौर में इस तरह का यह पहला मामला है जब एक ही परिवार की तीन पीढिय़ों के सदस्यों को नशे के कारोबार के
आरोप में काबू किया गया है।

पुख्ता जानकारी के मुताबिक आधी रात तक कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने 71 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया। हैरान करने वाली बात यह भी है कि उसका 44 वर्षीय बेटा व 21 वर्षीय पोता भी इसी कारोबार में संलिप्त था। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नशे के कारोबार को पीढ़ी दर पीढ़ी अपनाया था। सिरमौर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसमें किसी को भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस सिलसिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने सोमवार को मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान 71 वर्षीय प्रेम चंद पुत्र स्व. बच्चना राम, 44 वर्षीय सागर पुत्र प्रेम चंद व 21 वर्षीय संग्राम उर्फ अंशुल पुत्र सागर सभी निवासी मकान नंबर 372/11, रेडक्रॉस रोड पेट्रोल पंप के पास वाल्मीकि बस्ती नाहन के तौर पर हुई है। आरोपियों के कब्जे से 336 स्पासमैक्स ट्रामाडोल कैप्सूल्स, 159.80 ग्राम चरस, 38.10 ग्राम अफीम, 23.34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) व 24.40 लाख की नकद राशि बरामद की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Next Story