भारत

पिता को लिवर की बीमारी फिर भी नहीं छोड़ रहा था शराब पीना, बेटे ने किया मर्डर

Nilmani Pal
3 Nov 2025 6:33 AM IST
पिता को लिवर की बीमारी फिर भी नहीं छोड़ रहा था शराब पीना, बेटे ने किया मर्डर
x
पढ़े पूरी खबर

गुजरात। राजकोट शहर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामले सामने आया है. यहां एक बेटे ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बेटा अपने पिता की शराब पीने की आदत से परेशान था. इस वजह से आए दिन होने वाले झगड़ों से वह तंग आ चुका था और एक दिन वह अपने होश खो बैठा. इस संबंध में मृतक के बड़े भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

पुलिस ने मृतक के बेटे को भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शिकायत के अनुसार, मृतक कल्पेशभाई को कई साल से शराब पीने की आदत थी और उनका लिवर खराब हो गया था. इस कारण कल्पेशभाई का अपने बेटे ऋषभ और पत्नी से अक्सर झगड़ा होता रहता था. कल्पेशभाई को डेढ़ महीने पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनका बेटा ऋषभ उनकी देखभाल कर रहा था. शनिवार को ऋषभ ने अचानक अपने अंकल हितेशभाई को फोन किया और बताया कि उसके पिता सोने के बाद नहीं जागे. उन्हें जगाने की कोशिश करने के बावजूद वह नहीं जगे. इसके बाद हितेशभाई और उनके छोटे भाई कल्पेशभाई के घर पहुंचे तो उन्हें वहां उनकी लाश मिली. ऋषभ के अनुसार, उसकी अपने पिता के साथ कहासुनी हो गई थी.

मामला इतना गरमा गया कि उसने अपने पिता से कहा, 'आपकी शराब पीने की आदत के कारण सारे पैसे आपके इलाज पर खर्च हो चुके हैं, फिर भी आप सुधर नहीं रहे हैं. आप अपनी आदत नहीं छोड़ रहे हैं. आपकी आदतों से तंग आकर मैं और मेरी मां भी अलग हो गए हैं.'जैसे ही ऋषभ ने यह कहा उसके पिता कल्पेशभाई और अधिक उत्तेजित हो गए और उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया. इसके बाद ऋषभ गुस्से में आ गया और अपने होश खो बैठा. उसने अपने पिता की छाती पर दो से तीन बार मुक्का मारा. इसके अलावा उसने उनके पेट और चेहरे पर भी वार किया. नशे की हालत में होने के कारण कल्पेशभाई नीचे गिर गए और सो गए या कहें बेहोश हो गए.

घटना के बाद ऋषभ भी सो गया लेकिन सुबह कल्पेशभाई नहीं उठे. इसके बाद पूरी घटना सामने आई. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का प्राथमिक कारण कल्पेशभाई के सिर, दाढ़ी, पसलियों और पेट में लगी चोटें बताई गई हैं. पुलिस ने ऋषभ को हिरासत में लिया है.

Next Story
null