भारत

पंजाब सीमा पर किसानों का प्रदर्शन, मोड़ा टोल प्लाजा 3 घंटे रहा फ्री

Shantanu Roy
22 July 2026 3:04 PM IST
पंजाब सीमा पर किसानों का प्रदर्शन, मोड़ा टोल प्लाजा 3 घंटे रहा फ्री
x
Swarghat. स्वारघाट। हिमाचल और पंजाब सीमा पर स्थित नेशनल हाई-वे के मोड़ा टोल प्लाजा पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों न तीन घंटे तक टोल फ्री कर केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने टोल प्लाजा पर एकत्र होकर नारेबाजी की और आने-जाने वाले सभी वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए गुजरने दिया। धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच हुए ट्रेड समझौते से पंजाब की कृषि और किसानों के हितों को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों से बिना सलाह-मश्विरा किए ऐसे फैसले ले रही है, जिनका सीधा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा। किसानों ने मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस समझौते पर दोबारा
विचार किया जाए।


इसके साथ ही किसान संगठनों ने पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति का भी कड़ा विरोध किया। किसान नेताओं ने कहा कि यह नीति किसानों की जमीन और उनके अधिकारों के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने सरकार से इस नीति को तत्काल वापस लेने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकारों ने किसानों की मांगों की अनदेखी की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना था कि तीन घंटे तक टोल फ्री कराने का उद्देश्य सरकारों को स्पष्ट चेतावनी देना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने तीन कृषि कानूनों को वापस करवाने के लिए दिल्ली की सीमाओं पर लंबा आंदोलन किया था, उसी तरह जरूरत पडऩे पर पंजाब के किसान एक बार फिर दिल्ली कूच करने के लिए तैयार हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और निर्धारित तीन घंटे बाद हिमाचल-पंजाब सीमा पर स्थित मोड़ा टोल प्लाजा पर टोल वसूली और सामान्य यातायात फिर से शुरू कर दिया गया।
Next Story