बदसलूकी से परेशान किसान ने बैंक मैनेजर को जड़ा तमाचा, FIR दर्ज

महाराष्ट्र। बुलढाणा में एक बैंक मैनेजर को स्वाभिमानी किसान संगठन के जिलाध्यक्ष ने उनके ही केबिन में जाकर थप्पड़ जड़ दिए. बैंक कर्मियों के विरोध के बाद पुलिस ने किसान नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
ये मामला 30 जुलाई का बताया जा रहा है. खामगांव शहर के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर शिवाजी कड़ अपने केबिन में काम कर रहे थे. उसी दौरान स्वाभिमानी किसान संगठन के जिलाध्यक्ष अमोल पाटिल वहां पहुंचे और मैनेजर को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया.
आरोपी किसान का आरोप है कि बैंक मैनेजर किसानों के साथ बदसलूकी करता था. हालांकि, बैंक मैनेजर ने किसान नेता के सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है. केबिन में मौजूद दूसरे कर्मचारियों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई की. इस मामले को लेकर बैंक कर्मचारी भड़क गए और उन्होंने देर रात खामगांव पुलिस स्टेशन में धरना दे दिया.
कर्मचारियों ने थाने में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की. वहीं, बैंक मैनेजर के साथ मारपीट करने को लेकर आरोपी अमोल पाटिल ने सफाई दी. पाटिल ने कहा, 'कर्ज माफी के बारे में जानकारी हासिल करने गए किसान को मैनेजर कहते हैं कि, तुम्हारे बाप का बैंक है क्या? कितनी बार कर्ज लोगे, कितनी बार तुम्हें कर्ज में सहूलत दी जाए? इस तरह बैंक मैनेजर किसानों को बोलते हैं. इसी वजह से उनको पीटा. अगर मैनेजर की भाषा नहीं सुधरी तो और सबक सिखाएंगे.' खामगांव शहर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. थानेदार सूर्यकांत अहिरकर ने बताया, 'बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. आरोपी की तलाश में टीमें बनाई गई हैं. आरोपी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बैंक कर्मचारियों को भी आश्वस्त किया गया है, आगे की जांच चल रही है.'





