कलेक्ट्रेट में किसान ने कुल्हाड़ी लहराया, बोला फ़िल्मी अंदाज में - ये मजदूर का हाथ है कातिया

यूपी। लखीमपुर खीरी जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक फरियादी अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गया। डीएम के पास शिकायत लेकर पहुंचा युवक अचानक कुल्हाड़ी लहराने लगा और फिल्मी डॉयलाग मारने लगा। यह देख कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों में अफरातफरी मच गई। युवक किसी जमीन के विवाद को लेकर परेशान है। युवक का कहना था कि थाने में कई बार चक्कर लगाए पर उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। युवक के साथ उसकी मां भी डीएम आफिस पहुंची थी। युवक का कुल्हाड़ी लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
निघासन तहसील के सिंगाही थाना के भैरमपुर गांव में रहने वाला राम सिंह गुरुवार को अपनी मां के साथ डीएम आफिस पहुंचा। शिकायती पत्र देकर बताया कि जिस जमीन पर करीब 20 साल से कूड़ा डाल रहा है, उस पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। पूर्व प्रधान पर अभद्रता धमकाने का भी आरोप लगाया। इसको लेकर थाने पर भी शिकायत की गई पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर वह डीएम कार्यालय प्रार्थनापत्र देने आया था। डीएम को प्रार्थनापत्र देने के बाद बाहर निकले रामसिंह ने अचानक कुल्हाड़ी निकाली और लहराना शुरू कर दिया।
कहता कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कुल्हाड़ी उठी है। पृथ्वीराज चौहान के वंशज हैं हम। कोई भी रिकॉर्ड कर सकता है, मुझे कोई आपत्ति नहीं है। ये कुल्हाड़ी उठाई है। ये मजदूर का हाथ है। फिल्मों में सुना होगा, ये मजदूर का हाथ है कातिया। लोहा को पिघलाकर आकार बदल देता है। मेरा व्यवसाय पंक्चर जोड़ना है। साइकिल से मेरे पिता ने शुरुआत की थी। आज मैं टायर खोलने का काम करता हूं। अच्छे-अच्छे अधिकारियों की सर्विस कर दूंगा। तुम माता जी क्या समझती है, सिस्टम के खिलाफ ऐसे ही आवाज उठाना पड़ेगा। कोई न कोई भगत सिंह को बनेगा। कुल्हाड़ी से वह भ्रष्टाचार खत्म करेगा। कुल्हाड़ी लहराते ही यहां अफरातफरी मच गई। साथ में आई युवक की मां ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिन से वह थाने और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही है पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। युवक का कुल्हाड़ी लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। गांव के लोग रामसिंह पर ही कब्जा कर नाली बनवाने का आरोप लगाया है।





