भारत

समीरपुर में मिला 2 दिन से लापता फरीदाबाद का युवक

Shantanu Roy
22 July 2026 3:48 PM IST
समीरपुर में मिला 2 दिन से लापता फरीदाबाद का युवक
x
कांगड़ा। दो दिनों से लापता चल रहा हरियाणा के फरीदाबाद निवासी युवक आखिरकार सुरक्षित मिल गया। युवक कांगड़ा के समीरपुर गांव में मिला, जहां गांव के जागरूक लोगों ने सोशल मीडिया और वेब मीडिया पर चल रही खबरें देखने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10 बजे युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद निवासी युवक अपने परिवार के साथ शक्तिपीठ माता श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने आया था।

इसी दौरान वह अपने परिजनों से बिछड़ गया। बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह परिवार से अलग होकर दूसरी ओर निकल गया था। युवक के लापता होने के बाद पिछले दो दिन से उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। कांगड़ा पुलिस ने भी खोजबीन में पूरा सहयोग किया। सोशल मीडिया और विभिन्न वेब मीडिया चैनलों ने युवक की गुमशुदगी की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की, जिससे उसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकी।

इसी दौरान समीरपुर गांव के लोगों ने युवक को अपने गांव में देखा। सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के आधार पर उन्होंने उसकी पहचान की और समाचार में दिए गए संपर्क नंबर पर फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कांगड़ा पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा युवक को सुरक्षित अपने साथ ले आए। युवक के सकुशल मिलने के बाद उसके परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने कांगड़ा पुलिस, समीरपुर गांव के ग्रामीणों तथा सोशल मीडिया और वेब मीडिया के सभी पत्रकारों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सतर्कता के कारण उनका बेटा सुरक्षित मिल सका।
Next Story