भारत

सफारी कार के साथ फर्जी STF अधिकारी गिरफ्तार, कर रहा था ठगी

Nilmani Pal
20 Feb 2026 7:27 AM IST
सफारी कार के साथ फर्जी STF अधिकारी गिरफ्तार, कर रहा था ठगी
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। अयोध्या में पुलिस ने फर्जी STF अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पकड़ा है. पुलिस का कहना है कि यह आरोपी फर्जी STF आईडी कार्ड दिखाकर लोगों को झांसा देता था और जमीन बैनामे का पैसा वापस दिलाने के नाम पर रकम ऐंठता था.

इस मामले को लेकर थाना कोतवाली क्षेत्र में पीड़ित ने केस दर्ज कराया था. इसमें आरोपी 52 वर्षीय अजय कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए थे. अजय मूल रूप से सुल्तानपुर का रहने वाला है. वह वर्तमान में गोमती नगर लखनऊ में रह रहा था. उसे 19 फरवरी को रानोपाली चौकी क्षेत्र के पास से अरेस्ट किया गया है. शिकायत में कहा गया था कि 26 दिसंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 के बीच आरोपी ने खुद को STF अधिकारी बताते हुए फर्जी आईडी कार्ड दिखाया. उसने जमीन बैनामे का पैसा वापस दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 4,00,000 रुपये हड़प लिए.इस मामले की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पुलिस टीम ने उदासीन आश्रम से रानोपाली मार्ग के किनारे दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया. आरोपी के कब्जे से एक फर्जी आईडी कार्ड, एक सफारी कार बरामद की गई है.

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ थाना तारुन में भी धोखाधड़ी से संबंधित केस दर्ज है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. अयोध्या पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा चलाए जा रहे धोखाधड़ी और जालसाजी विरोधी अभियान के तहत ऐसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. इसी के साथ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी की पहचान सत्यापित किए बिना किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन न करें. पुलिस का कहना है कि धोखाधड़ी और जालसाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Next Story
null