भारत

पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल

Shantanu Roy
21 May 2026 2:22 PM IST
पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल
x
दो SI को भी लगी चोटिल
Kishanganj. किशनगंज। किशनगंज में बुधवार रात बाइक चोरी गिरोह के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए पुलिस कस्टडी में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मुठभेड़ में दो सब-इंस्पेक्टर (SI) भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
यह घटना टाउन थाना क्षेत्र के फरीनगोला रेलवे फाटक के पास चौहान बस्ती इलाके में हुई। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को बाइक चोरी की एक घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने कार्रवाई की। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने की कोशिश करने लगे और इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बाइक चोरी गिरोह का सदस्य पवन कुमार उर्फ चिंटू घायल हो गया। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी के अनुसार, घायल आरोपी पवन कुमार के खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें किशनगंज जिले में दो मामले शामिल हैं, जबकि अन्य जिलों में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज हैं। आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। कुछ दिन पहले बाइक चोरी की एक तस्वीर वायरल हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।
जांच में संकेत मिले थे कि यह गिरोह इलाके में सक्रिय है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी और उसके साथी एक जगह इकट्ठा होकर बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस टीम जैसे ही वहां पहुंची, आरोपियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनों SI को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह के अन्य सदस्य कहां-कहां सक्रिय हैं और किस तरह से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।
Next Story