भारत

मवेशी तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़, एक तस्कर गिरफ्तार

Nilmani Pal
1 Nov 2025 7:39 AM IST
मवेशी तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़, एक तस्कर गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

सोनभद्र। जिले में पुलिस ने पशु तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार सुबह राबर्ट्सगंज कोतवाली और एसओजी की संयुक्त टीम ने दोमुहिया पुलिया के पास पशु तस्करों के साथ मुठभेड़ की. जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. घायल तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.

एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चल रहे पशु तस्करी विरोधी अभियान के तहत यह सफलता मिली. अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर पिकअप में गोवंश लादकर नौगढ़ के रास्ते बिहार ले जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी गई. जैसे ही पिकअप वाहन दोमुहिया पुलिया के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया लेकिन वाहन में बैठे तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश जितेंद्र यादव (बिहार) के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. मौके से पुलिस ने एक पिकअप, पांच गोवंश, एक 315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है.

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी के तीन साथी अबरार, मल्लू और हजरत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. सीओ रणधीर मिश्रा ने बताया कि यह गिरोह गोवंशों को बिहार ले जाकर नाटे, मुखिया और हाफिज जैसे कुख्यात तस्करों को सौंप देता था, जो इन्हें आगे पश्चिम बंगाल में वध के लिए भेजते हैं. घायल तस्कर ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह पहले भी कई बार तस्करी कर चुका है और गोवंशों को इन्हीं गिरोहों तक पहुंचाता था. पुलिस अब फरार तस्करों और गिरोह के बड़े नेटवर्क की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Next Story
null