भारत

हाथ से मैला उठाने की प्रथा खत्म पर जोर

Shantanu Roy
19 Jun 2026 4:45 PM IST
हाथ से मैला उठाने की प्रथा खत्म पर जोर
x
Shimla. शिमला। हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन, प्रतिषेध एवं उनके पुनर्वास अधिनियम-2013 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अधिनियम के तहत जिला में किए जा रहे कार्यों, सीवर एवं सेप्टिक टैंक सफाई से जुड़े सुरक्षा मानकों तथा हाथ से मैला उठाने की प्रथा के पूर्ण उन्मूलन के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को निर्देश दिए कि अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर हाथ से मैला उठाने जैसी अमानवीय प्रथा को बढ़ावा न मिलने पाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे कर्मियों को सम्मानजनक जीवन और वैकल्पिक आजीविका के अवसर
उपलब्ध करवाना है।


इसके लिए पुनर्वास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किया जाए। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर और सेप्टिक टैंकों की सफाई के दौरान मशीनों एवं सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए तथा श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया। बैठक में बताया कि जिला में अब तक 22 जन-जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा सभी उपमंडल स्तर पर सतर्कता एवं प्रबोधन समितियों का गठन किया जा चुका है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अधिनियम के तहत की जा रही गतिविधियों एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story