भारत

Election: इस बार कांग्रेस हार का अंतर कम करने में कामयाब

Shantanu Roy
5 Jun 2024 11:57 AM GMT
Election: इस बार कांग्रेस हार का अंतर कम करने में कामयाब
x
Chamba: चंबा। लोकसभा चुनाव Lok Sabha Elections 2024 में चंबा जिला के पांचों हल्कों में संपन्न चुनावी प्रक्रिया में हार के बावजूद कांग्रेस ने वर्ष 2019 की अपेक्षा अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए शानदार वापसी की है। कांग्रेस ने वर्ष 2019 के चुनावों के मुकाबले हार के अंतर को करीब 50 फीसदी तक कम कर दिया है। पिछले चुनावों में पांचों हलकों में करीब एक लाख तीस हजार मतों से पिछडने वाली कांग्रेस ने इस अंतर को वर्ष 2024 में कम करके 63,807 पर ला दिया है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने कांगडा- चंबा संसदीय क्षेत्र के अधीन पडऩे वाले चुराह में 23418 मतों से जीत हासिल की थी। मगर वर्ष 2024 के चुनावों में जीत का आंकडा 11343 पर ला दिया है। चंबा हलके में वर्ष 2019 के चुनावों में कांग्रेस को 29973 मतों की हार को 19473 पर समेट दिया है। डलहौजी हलके में वर्ष 2019 के चुनावों में भाजपा की जीत का आंकडा 28422 रहा था।

मगर वर्ष 2024 के चुनावों में जीत का अंतर कम होकर 14292 पर पहुंच गया है। भटियात में भाजपा ने वर्ष 2019 के चुनावों में 29973 मतों के अंतर से प्रचंड जीत हासिल की थी। मगर वर्ष 2024 में जीत का अंतर पचास फीसदी से भी अधिक घटकर 13166 रह गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र के अधीन भरमौर- पांगी हल्के में भाजपा ने वर्ष 2019 में 19726 मत हासिल किए थे। वर्ष 2024 के चुनावों में जीत का अंतर घटकर 5533 रह गया है। ऐसे में भाजपा को जिला के विभिन्न हल्कों में जीत के अंतर में पचास फीसदी तक की कमी को लेकर संगठनात्मक स्तर पर मंथन करने की आवश्यकता है। उल्लेखनीय है कि सदर हलके से भाजपा प्रत्याशी को सर्वाधिक 19,473 की बढ़त हासिल हुई है। सदर हलके में भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज को 38, 903 और कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को 19,430 मत मिले। भटियात हलके से भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज को 32594 और कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को 19428 मत मिले हैं। भटियात में भाजपा की बढ़त का आंकडा 13,166 रहा है। डलहौजी हलके में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। डलहौजी हलके में भाजपा को 32700 और कांग्रेस को 18408 मत मिले हैं। डलहौजी से भाजपा प्रत्याशी को 14,292 मत की बढत हासिल हुई है। चुराह में भाजपा को 11,343 की बढ़त मिली है।
Next Story