भारत

Election: जिला ऊना में तपती गर्मी के बीच बंपर वोटिंग

Shantanu Roy
2 Jun 2024 12:17 PM GMT
Election: जिला ऊना में तपती गर्मी के बीच बंपर वोटिंग
x
Una: ऊना। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंर्तगत जिला ऊना में पहली जून को लोकसभा के आम चुनाव के साथ-साथ गगरेट व कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग व निष्पक्षता से संपन्न हुई। ससंदीय सीट के लिए प्रत्याशियों के साथ-साथ गगरेट व कुटलैहड़ विस क्षेत्र के प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। जिला में गगरेट विस क्षेत्र के तहत गणु मंदवाड़ा पोलिंग बूथ में खराब ईवीएम को रिप्लेस करने के दौरान हुई लापरवाही के चलते पीठासीन अधिकारी व सैक्टर अधिकारी को सस्पैंड कर दिया गया। जिला में संसदीय सीट के लिए गगरेट लोकसभा के लिए 74.58 प्रतिशतें, चिंतपूर्णी में 72.16, कुटलैहड़ में प्रतिशत, ऊना में 74.75 प्रतिशत और हरोली में 71.72 प्रतिशत रहा। जबकि कुटलैहड़ विधानसभा उपचुनाव में 76.85 प्रतिशत मतदान तथा गगरेट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में 74.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शनिवार को सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया आरंभ हुई। सुबह तेज गति से मतदान शुरू हुआ।

दोपहर के समय प्रचंड गर्मी को देखते हुए मतदाता सुबह ही मतदान केंद्रो पर जुटना शुरू हो गए। पहले दो घंटे में ही 15 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया जा चुका था,वहीं 11 बजे तक 30 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। एक बजे तक जिला भर में 50 प्रतिशत के करीब मतदान हो गया,लेकिन इसके बाद चार बजे तक मतदान केंद्रो पर लू के चलते सन्नाटा छाया रहा। इक्का-दुक्का मतदाता ही मतदान केंद्रों पर पहुंचे तथा सायं काल में एक बार फिर से मतदान ने रफ्तार पकड़ी। सुबह के समय मतदान केंद्रो पर मतदाताओं ने काफी संख्या में मतदान किया। महिलाओं व युवाओं के अलावा बजुर्गो में भी मतदान को लेकर जोश देखा गया। मतदान को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया। ऊना विस क्षेत्र के तहत नगर परिषद ऊना के पोलिंग बूथों, जलग्र्रांव, बसदेहड़ा व हरोली विस क्षेत्रों में दुलैहड़, पालकवाह,ललड़ी,कांगड़, कुटलैहड़ विस क्षेत्र के बरनोह,कोटला कलां,टक्का,धमांधरी,चलोला,थानाकलां,नारी व अन्य गांवो में मतदान केंद्रो पर दोपहर तक महिलाओं की लंबी लाईने लगी हुई थी। मतदान प्रक्रिया को निपटाने के लिए 2482 कर्मचारियों ने अपनी डयूटी निभाई। जिला के वोटरों में खासा उत्साह देखा गया तथा सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें थी। जिला में सुबह 9 बजे तक लगभग 14.17 प्रतिशत मतदान हो गया था, जिनमें चिंतपूर्णी में 16.26 प्रतिशत पूरा हो गया था। वहीं चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से पूरे प्रबंध किए थे ताकि किसी भी प्रकार की समस्या न आए।
Next Story