भारत

घर में अकेली बुजुर्ग महिला की ली जान, चोरी के इरादे से घर में घुसे शातिरों ने उतारा मौत के घाट

Shantanu Roy
18 Jun 2026 3:53 PM IST
घर में अकेली बुजुर्ग महिला की ली जान, चोरी के इरादे से घर में घुसे शातिरों ने उतारा मौत के घाट
x
Rohru. रोहडू। शिमला जिला के रोहड़ू इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बेटे को अपनी मां के घर से ऐसा समाचार मिला जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। घर में अकेली रह रही 77 वर्षीय गीता देवी अपने कमरे में मृत मिलीं। शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि अज्ञात हमलावर चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और वारदात के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। मामला शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल की टिक्कर पुलिस चौकी के तहत शलाश दोगरी क्षेत्र का है। गीता देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह उनकी देखभाल करने वाली महिला ने उनके बेटे को फोन कर बताया कि गीता देवी काफी देर तक कमरे से बाहर
नहीं निकली हैं।


और बिस्तर पर ही पड़ी हुई हैं। सूचना मिलते ही बेटा घर पहुंचा, जहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले के अनुसार गत मंगलवार रात कुछ अज्ञात लोग घर का दरवाजा तोडक़र भीतर घुसे थे। घटनास्थल की स्थिति से यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों का मकसद चोरी करना था। हालांकि घर में प्रवेश के बाद हालात ऐसे बने कि गीता देवी की हत्या कर दी गई। घर के भीतर संघर्ष और अव्यवस्था के संकेत भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मृतक महिला के बेटे की शिकायत पर रोहड़ू थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103, 331(8), 305, 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक जांच भी शुरू कर दी है।
Next Story