गैस एजेंसी में बुजुर्ग को आया हार्ट अटैक, सिलेंडर लेने पहुंचा था हुई मौत

यूपी। फर्रुखाबाद शहर में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से जान चली गई। बेटे का कहना है कि पिता गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात में एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें जमीन पर पड़े एक बुजुर्ग को दो युवक बारी-बारी से सीपीआर दे रहे हैं। यह वीडियो गैस एजेंसी के पास का बताया जा रहा है। आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
गढ़ी खान खाना मोहल्ले के शाहनवाज ने बताया कि उनके पिता 75 वर्षीय मुख्तार अंसारी सुबह साढ़े छह बजे घर से सिलेंडर लेने निकले थे। नेशनल गैस एजेंसी में लाइन में लगे थे। करीब नौ वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी हालत बिगड़ती देख मोहल्ले के शमशाद अन्य लोगों के साथ उन्हें ई-रिक्शे से आवास विकास स्थित हृदय रोग विशेषज्ञ के अस्पताल ले गए। नर्सिंग होम के मुख्य गेट पर डॉक्टर ने मुख्तार को देख उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुत्र शाहनवाज ने बताया कि लाइन में ज्यादा देर लगे होने से पिता गश खाकर गिर गए थे। अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.उदयराज सिंह ने बताया कि बुजुर्ग को उसके परिजन ई-रिक्शा से लेकर आए थे। उसे मैने बाहर ही देखा था। उसकी मौत हो चुकी थी।
डीएसओ सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि गैस लेने के लिए लाइन में खड़े होने के दौरान वृद्ध की मौत के मामले की कोई जानकारी नहीं है। जिले में गैस की कमी नहीं है। उधर शहर कोतवाली के प्रभारी दर्शन सिंह ने कहा कि चर्चा है कि एक बुजुर्ग गैस की लाइन में बेहोश होकर गिर गए थे। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वृद्ध सिलेंडर की पर्ची पहले ही कटा चुके थे। पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है। गैस की लाइन में खड़े बुजुर्ग की मौत की जानकारी नही है।





