भारत

3 लाख लूटकर बुजुर्ग की हत्या, घर के सामने ही वारदात

Nil dhankar
22 Aug 2025 7:45 AM IST
3 लाख लूटकर बुजुर्ग की हत्या, घर के सामने ही वारदात
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र के गांव मझोला में लेनदेन के विवाद गांव के ही एक युवक ने एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ये भी आरोप है कि युवक ने बुजुर्ग के तीन लाख रुपये छीन लिए। पुलिस ने जानकारी मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि रुपये छीनने की बात से पुलिस ने इंकार किया है। देर रात मामले में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार गांव मझोला निवासी सुखराम पुत्र सोनपाल (55) फरीदाबाद में राजमिस्त्री का काम करता था। बुधवार शाम को वह अपने गांव मझोला आए थे। इन्होंने अपने पास एक लाख 50 हजार रुपये इकट्ठे किए थे। एक लाख 50 हजार रुपए बेटी से लेकर आए थे। इन रुपयों से उनको घर का बिजली का बिल जमा करना था। घर में समर सेबिल लगवानी थी और घर के लिए ईंटों की जरूरत के लिए रुपये भट्ठे पर जमा करने थे। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम जब सुखराम अपने घर के दरवाजे पर पानी के लिए इंतजार कर रहे थे, तभी गांव के पवन पुत्र पप्पू के साथ कुछ अन्य अज्ञात लोग आए और सुखराम की पिटाई कर दी। इनकी बेटी का आरोप है कि आरोपी मारपीट कर तीन लाख रुपये ले गए। गंभीर रूप से घायल पिता को बाइक से छर्रा ले जाया गया। लेकिन, रास्ते में सुखराम की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में लिवर व आंतें फटने से मौत होना पाया गया।

पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। गंगीरी एसओ सुमित गोस्वामी ने बताया कि लेनदेन के विवाद में दोनों में मारपीट हुई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।


Next Story
null