भारत

दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए

Nil dhankar
2 Aug 2026 6:36 AM IST
दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए
x

दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रविवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. भूकंप का मुख्य केंद्र देश की राजधानी दिल्ली का उत्तरी जिला रहा. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.9 मापी गई. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि भूकंप के झटके 2 अगस्त 2026 को तड़के 04:14:01 बजे दर्ज किए गए. इस भूकंप का अक्षांश 28.721 उत्तर और देशांतर 76.957 पूर्व में स्थित था. जमीन के भीतर इसकी गहराई सिर्फ 8 किलोमीटर दर्ज की गई.

बता दें कि जब भूकंप का केंद्र जमीन की सतह के कम गहराई में होता है, तो कम तीव्रता के बावजूद झटके महसूस किए जा सकते हैं. 2.9 की तीव्रता को मध्यम या हल्का माना जाता है, जिससे आमतौर पर किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं होता है.

इससे पहले जून में भी दिल्ली में भूकंप आया था. 27 जून 2026 की शाम (लगभग 7:04 बजे) को दिल्ली-एनसीआर में झटके महसूस किए गए थे, उस समय 6.2 तीव्रता का भूकंप अफगानिस्तान में आया था, जिसका असर दिल्ली और उत्तर भारत के दूसरे हिस्सों में भी दिखाई दिया था. दरअसल दिल्ली और उसके आसपास के इलाके भूकंपीय संवेदनशीलता के लिहाज से 'जोन-4' में शामिल हैं. इस क्षेत्र में अक्सर हल्की और मध्यम तीव्रता के भूकंप के झटके आते रहते हैं.

Next Story