भारत

सुबह-सुबह ज्वेलरी शॉप पर धावा, शटर तोड़कर 7 करोड़ का सोना ले उड़े बदमाश

SHIDDHANT
5 Oct 2026 8:54 PM IST
सुबह-सुबह ज्वेलरी शॉप पर धावा, शटर तोड़कर 7 करोड़ का सोना ले उड़े बदमाश
x
हैदराबाद। मेडिपल्ली इलाके में सोमवार सुबह एक ज्वेलरी शॉप में करोड़ों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। सात बदमाश कथित तौर पर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और करीब 1.04 किलो सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। मेडिपल्ली इलाके में स्थित ज्वेलरी शॉप का शटर टूटा मिला। बदमाश दुकान में घुसने के बाद सोने के आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मेडिपल्ली पुलिस के साथ क्लू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अलग-अलग सुराग जुटाए हैं।
मेडिपल्ली इंस्पेक्टर जालंधर रेड्डी के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। वह एसीपी और डीसीपी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्राइम सीन से उपलब्ध साक्ष्यों को एकत्र किया है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ज्वेलरी शॉप के फ्रेंचाइजी इंचार्ज शु सुब्रमण्यम ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी होने की जानकारी दी गई है। हालांकि पुलिस के अनुसार शोरूम में रखे ज्यादातर आभूषण सुरक्षित हैं। करीब 25 प्रतिशत ज्वेलरी चोरी होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक बदमाश करीब 1.04 किलो सोने के आभूषण लेकर फरार हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है। मामले की जांच के दौरान सात संदिग्धों में से दो की पहचान कर ली गई है। बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें तलाश में जुटी हैं। पुलिस अब घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वारदात में शामिल सभी सात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच जारी है।
Next Story