भारत

बरसात में सडक़ के नीचे का डंगा नाले में बहा, चार माह बाद भी नहीं ली सुध

Shantanu Roy
6 Jan 2026 6:01 PM IST
बरसात में सडक़ के नीचे का डंगा नाले में बहा, चार माह बाद भी नहीं ली सुध
x
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के मुख्य रिहायशी इलाके रामनगर के लोग प्रशासन की अनदेखी से रोष में हैं। धर्मशाला पोस्ट ऑफिस से शुरू होकर खन्यारा रोड तक जाने वाले संपर्क मार्ग में शिव विहार रामनगर स्थिति साईं बाबा मंदिर से थोड़ा नीचे सडक़ को सहारा देने के वाला डंगा बरसात में बह चुका है। डंगा बहने के चार माह बाद भी स्थिति को सुधारने के लिऐ कोई भी कदम प्रशासन द्वारा नहीं उठाया गया है। उल्टा समय के साथ-साथ डंगे का और भी भाग टूट कर बह चुका है जिसके कारण टूटे भाग के बगल के पैरापिट भी अब धंसना शुरू हो गए हैं।
गौर करने की बात यह है कि हाल ही में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगाई गई स्ट्रीट लाइट का खंभा भी इस कटाव के प्रभाव क्षेत्र में आ चुका है तथा और सडक़ धंसने की स्थिति में यह स्ट्रीट लाइट भी टूूट कर नाले में गिर सकती है। यह सडक़ पिछले लगभग चार महीने से बिना सहारे के ही गाडिय़ों का बोझ ढो रही है। डंगा बहने के शुरुआती दिनों में तो स्थानीय निवासियों द्वारा सडक़ किनारे चेतावनी के रूप में पत्थर लगाए गए थे लेकिन सडक़ पतली होने के कारण यह पत्थर वाहनों के लिए बाधा बन रहे थे जिस कारण इन्हें हटा दिया गया। ज्ञात रहे कि उक्त सडक़ कंक्रीट मार्ग है जिस कारण डंगा बह जाने पर भी ऊपर से इसका अदांजा लगा पाना संभव नहीं है तथा ऊपर चलते वाहनों को सडक़ एकदम ठीक नजर आती है। दिव्य हिमाचल गत वर्ष नवंबर माह में भी स्थानीय निवासियों चेतन शर्मा, रविंदर कुमार, रजिंदर शर्मा, ओंकार शर्मा व राज कुमार शर्मा के अनुरोध पर इस सडक़ का मुद्दा प्रमुखता से उठा चुका है लेकिन नगर निगम के कान पर अभी भी जूं तक नहीं रेंगी है।
Next Story