भारत

पहली दुर्घटना की जांच के दौरान पुलिस को दिखा लुढक़ता टायर

Shantanu Roy
27 Jun 2026 4:55 PM IST
पहली दुर्घटना की जांच के दौरान पुलिस को दिखा लुढक़ता टायर
x
Rampur Bushahr. रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के उरमण क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर एक ही मार्ग पर दो अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि शुक्रवार को पुलिस टीम गुरुवार देर रात हुई दुर्घटना की स्पॉट जांच कर रही थी, तभी अचानक ऊपर की ओर से एक वाहन का टायर लुढक़ता हुआ नीचे आया। टायर देखकर पुलिस कर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई और जब टीम ने मौके की ओर जाकर देखा, तो एक पिकअप गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिली। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही
मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। इससे एक रात पहले भी इसी मार्ग पर एक अन्य वाहन दुर्घटना हुई थी, जिसकी जांच के लिए पुलिस मौके पर पहुंची थी। उसी दौरान दूसरी दुर्घटना का इस तरह सामने आना पुलिस और स्थानीय लोगों के लिए भी बेहद चौंकाने वाला रहा। लगातार दो दिनों में एक ही स्थान पर हुए इन हादसों ने सडक़ सुरक्षा और इस मार्ग की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित इस क्षेत्र का तकनीकी सर्वे करवाकर आवश्यक सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेतक तथा क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story