भारत

ड्रग नेटवर्क ध्वस्त, कोकीन हेरोइन और गांजा के साथ 26 विदेशी नागरिक गिरफ्तार

Nilmani Pal
25 Oct 2025 6:15 AM IST
ड्रग नेटवर्क ध्वस्त, कोकीन हेरोइन और गांजा के साथ 26 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. DRI ने दिल्ली-एनसीआर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. 16.27 किलो एम्फ़ेटामिन, 7.9 किलो कोकीन, 1.8 किलो हेरोइन, 2.13 किलो गांजा और 115.42 किलो नशीले पदार्थ बनाने वाले केमिकल ज़ब्त किए गए हैं.

जब्त की गई चीजों की कुल कीमत काले बाज़ार में करीब 108.81 रुपये करोड़ है. इस कार्रवाई में 26 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. DRI को खास सूचना मिली थी कि ग्रेटर नोएडा में एक फार्महाउस पर छिपकर नशीले पदार्थ बनाए जा रहे हैं. जांच टीम ने जब यहां छापा मारा, तो 11.40 किलो एम्फ़ेटामिन और 110 किलो से ज्यादा केमिकल मिला, जिसका इस्तेमाल इन्हें तैयार करने के लिए किया जाता था.इसके बाद टीम ने इस नेटवर्क के मुख्य संचालक को गुरुग्राम से पकड़ा. उसके घर से भी 1.33 किलो एम्फ़ेटामिन बरामद हुई.

फिर एजेंसी को पता चला कि पश्चिमी दिल्ली में एक जगह इन ड्रग्स को छिपाकर रखा गया है और वहीं से इनकी सप्लाई होती है. यह इलाका बहुत भीड़भाड़ वाला था और वहां की तंग गलियों में पहुंचना भी मुश्किल था.

जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और कार्रवाई रोकने की कोशिश करने लगे. हालात का सामना करते हुए और सबूत नष्ट होने से पहले, टीम ने दिल्ली पुलिस की मदद से पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. यहां से 7.79 किलो कोकीन, 1.87 किलो हेरोइन, 3.54 किलो एम्फ़ेटामिन, 2 किलो गांजा, 150 ग्राम मेथाक्वालोन और 4.5 किलो नशीले पदार्थ बनाने वाले केमिकल मिले. साथ ही 37 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए, जो ड्रग्स कारोबार से कमाई गई रकम बताई जा रही है.

Next Story
null