महिला डांसर पर टूट पड़े नशेबाज, पुलिस ने कार्यक्रम में भांजी लाठियां

कानपुर। नवाबगंज के गंगा कटरी बनियापुरवा गांव में काली माता मंदिर के बाहर लगे मेले में महिला डांसरों के ठुमके देखकर भीड़ बेकाबू हो गई। नशेबाजों की एक टोली स्टेज पर भी चढ़ गई और जमकर मनमानी की। डांस के दौरान ग्रामीण स्टेज पर चढ़ने की कोशिश करने लगे तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया।
पुलिस से ग्रामीणों ने धक्कामुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिस की लाठी से एक ग्रामीण का सिर फटने से लोग भड़क उठे। इसके बाद लोग पुलिस कर्मियों पर टूट पड़े। कुछ अराजक तत्वों ने भीड़ संभालने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बवाल में एक सिपाही और पीएसी का जवान घायल हो गया। नवाबगंज के गंगा कटरी बनियापुरवा गांव में काली माता का मंदिर है। पिछले सालों की तरह शनिवार रात मेले का आयोजन किया गया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद देर रात नौटंकी व स्टेज पर डांसर बुला लीं। स्टेज में डांसर के ठुमके लगाते ही भीड़ बेकाबू हो गई। पुलिस के अनुसार नशेबाजों की टोली स्टेज पर चढ़ डांसरों से अभद्रता करने लगे। महिला कलाकारों से अभद्रता देख आयोजक ने मना किया तो नशेबाजों ने गालीगलौज कर हाथापाई शुरू कर दी।
हो-हल्ला और बवाल की आशंका को देख वहां मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने रोकना चाहा तो उन्हीं से धक्कामुक्की करने लगे। आरोप है कि पुलिस ने एक-दो लोगों के लाठी मारी तो मौजूद ग्रामीण भड़क उठे। नशेबाजों के झुंड और अराजकतत्वों ने पहले पुलिसकर्मियों को घेरा, फिर दौड़ा-दौड़ाकर खेतों तक मारते ले गए। इतना ही नहीं पीएसी जवान विजय सिंह को जमीन पर गिरा-गिराकर पीटा। मौके पर पहुंची सर्किल फोर्स ने सबसे पहले कार्यक्रम को बंद कराते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि भोजपुरी गाने में महिला डांसर ने जैसे ठुमका लगाया तो एक युवक समेत अन्य लोग डांस करने लगे। पुलिस कर्मियों ने हंसते हुए बैठने की सलाह दी, बात न मानने पर एक सिपाही ने डंडा चला दिया जिससे एक व्यक्ति का सिर फट गया। खून से लथपथ युवक पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाते हुए मारने की वजह पूछने लगा। युवक के सिर से खून बहता देख उसके दोस्त व ग्रामीण भड़क उठे। पुलिसकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की। एक सिपाही ने फिर बदतमीजी की। घायल युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह सिपाही पर बेववजह मारने का आरोप लगा रहा है।





